कोविड की चेन हर हाल में टूटनी ही चाहिए: वर्मा
मुजफ्फरनगर। जिले की नोडल अधिकारी और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कंचन वर्मा ने कहा कि कोरोना की चेन हर हालत में टूटनी चाहिए। स्वच्छता और पेयजल की आपूर्ति प्रशासन की प्राथमिकता में रहना चाहिए। उन्होंने महावीर चौक स्थिति कोरोना जांच केंद्र का निरीक्षण भी किया।
सोमवार को जिला पंचायत के चौधरी चरणसिंह सभागार में अधिकारियों की बैठक में उन्होंने कोविड और संचारी रोगों की समीक्षा की। नोडल अधिकारी कंचन वर्मा ने स्वच्छता को लेकर चलाए जा रहे अभियान की जानकारी मांगी। अधिकारियों ने बताया कि ग्रामों में साफ सफाई, हैंडपंप रिबोर कराए गए हैं। गांवों में फॉगिंग व सैनिटाइजर का छिड़काव कराया जा रहा है। काली नदी एवं हिंडन नदी के किनारे पड़ने वाले गांव की नालियों की सफाई का कार्य किया जा रहा है। नोडल अधिकारी ने निर्देश दिए कि गांवों में सफाई कर्मियों की नियमित तैनाती की जाए, उनका एक प्रोटोकॉल बनाया जाए। गांवों में जहां-जहां पर जलभराव की समस्या है, ऐसे गांवों को चिह्नित करते हुए समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि वार्डों में नियमित सफाई कराई जाए। कूडे़ का डोर टू डोर कलेक्शन किया जाए। गीला कूड़ा अलग व सूखा कूड़ा अलग होना चाहिए।
पालिका और एमडीए नगरीय क्षेत्रों में व्यक्तिगत स्वच्छता के उपायों, शुद्ध पेयजल के प्रयोग तथा मच्छरों की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान संचालित करें। सभी गांवों में हेल्प डेस्क स्थापित की जाए। कोविड-19 से बचाव के लिए लॉकडाउन के दिन शनिवार व रविवार को सभी मॉर्केट को सैनिटाइज किया जाए। नोडल अधिकारी को अवगत कराया गया कि सभी जगह डंपिंग ग्राउंड उपलब्ध है। कोविड-19 के बचाव के लिए लाउडस्पीकर लगाए गए हैं। नोडल अधिकारी ने कहा कि डोर टू डोर सर्वे कर रही टीम खांसी, जुकाम या बुखार के मरीजों की सूचना मेडिकल ऑफिसर को दें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के नियंत्रण के लिए प्रत्येक सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध एंटी लार्वा का प्रत्येक ग्राम पंचायत में छिड़काव कराया जाए।
नोडल अधिकारी ने सफाई व्यवस्था के दृष्टिगत शहर के महावीर चौक स्थिति कोरोना सलाह एवं जांच केंद्र व कोविड कंट्रोल रूम कलक्ट्रेट का निरीक्षण भी किया। इंद्रा कॉलोनी वार्ड नंबर 31 में जाकर सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण भी किया। डीएम सेल्वा कुमारी जे, सीडीओ आलोक यादव, सीएमओ डॉ प्रवीण चोपड़ा, एडीएम वित्त आलोक कुमार, एडीएम प्रशासन अमित कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।