शाहपुर। कार में सवार होकर शादी समारोह में अपने साथियों के साथ जा रहे कबड्डी कोच की कार में एक मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी। दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसी दौरान एक अन्य कार में आए चार युवकों ने कबड्डी कोच व साथियों के साथ मारपीट की। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है।
गांव सोरम निवासी कबड्डी कोच मास्टर रामपाल सिंह अपने साथियों के साथ कार में सवार होकर विवाह समारोह में जा रहे थे। जब वह बुढ़ाना रोड पर सत्संग भवन के पास पहुंचे तो एक मिनी ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई।
कार सवार लोगों व मिनी ट्रक चालक के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान बुढ़ाना की ओर से एक कार आकर रुकी और उसमें से सवार चार-पांच युवक नीचे उतरे। उन्होंने कबड्डी कोच के साथियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। कबड्डी कोच ने जब युवकों को रोकने का प्रयास किया तो युवकों ने सभी के साथ मारपीट की। कबड्डी कोच घायल हो गए।
घटना के समय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आरोप है कि पुलिस ने युवकों को रोकने का प्रयास नहीं किया। इसी दौरान मारपीट करने वाले युवक कार में फरार हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। कबड्डी कोच ने अज्ञात युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।