बीआईटी चैकपोस्ट पर कंटेनर में चढ़ते प्रवासी श्रमिक
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
हरियाणा के यमुनानगर से आ रहे सैकड़ों प्रवासी मजदूरों से भरे पांच कंटेनर बीआईटी चेकपोस्ट पर पकड़ लिए गए। सभी मजदूर बिहार व पश्चिम बंगाल प्रांत के हैं, जो यमुनानगर में मजदूरी करते थे। सभी मजदूरों के स्वास्थ्य की जांच कराई जाएगी।
मीरापुर पुलिस रविवार शाम बीआईटी चेकपोस्ट पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां एक-एक कर पहुंचे आवश्यक वस्तु आपूर्ति के पास चस्पा किए गए पांच कंटेनरों को पुलिस ने शक के आधार पर चेक करने के लिए खुलवाया। कंटेनर खुलते ही पुलिस के होश उड़ गए। सभी केंटर में बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर मौजूद थे, जिनमें पुरुषों के साथ ही महिलाएं व बच्चे भी शामिल थे। इंस्पेक्टर एचएन सिंह ने बताया कि सभी मजदूरों को कंटेनर से निकालकर उनके नाम-पते नोट किए जा रहे हैं। ये सभी मजदूर पश्चिम बंगाल और बिहार प्रांत के रहने वाले हैं, जो यमुनानगर की प्लाइवुड व अन्य फैक्टरियों में काम करते थे। सभी मजदूरों को क्वारंटीन किया जा रहा है। जल्द ही उनके लिए वाहनों का इंतजाम कर उन्हें गंतव्य के लिए रवाना कर दिया जाएगा। वहीं, कंटेनरों को सीज कर उनके चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने साइकिलें छीनकर कंटेनरों में बैठाया
बीआईटी चेकपोस्ट पर कंटेनरों से निकाले गए कुछ प्रवासी मजदूरों ने पूछताछ में बताया कि वे तो यमुनानगर से नई साइकिलें खरीदकर चले थे। रास्ते में एक पुलिस ने उन्हें रोककर एक कंटेनर में बैठा दिया। आरोप लगाया कि रविवार तड़के उनकी साइकिलें छीनकर पुलिसकर्मियों ने उन्हें जबरन कंटेनर में बैठाकर आगे भेज दिया। हालांकि, मजदूर पश्चिमी यूपी से अनभिज्ञ रहने के कारण यह नहीं बता सके कि उनकी साइकिलें किस थाने के पुलिसकर्मियों ने छीनीं।
कंटेनर चालक-क्लीनर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, जेल भेजा
शनिवार देर रात शहर कोतवाली पुलिस ने सहारनपुर स्टेट हाईवे-59 पर चेकिंग के दौरान प्रवासी मजदूरों से भरा कंटेनर पकड़ा था। जीवनरक्षक दवाओं का पास लगे कंटेनर में कुल 65 प्रवासी मजदूर पाए गए थे, जिन्हें गुरु बिरजानंद कॉलेज में क्वारंटीन किया गया था। शहर कोतवाली के एसएसआई मनोज कुमार ने बताया कि मामले में कंटेनर को सीज कर दिया गया है। कंटेनर चालक शाने आलम पुत्र गुफरान व हेल्पर गुड्डू पुत्र आरिफ निवासीगण अहमदनगर, जैतवाड़ा मुरादाबाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।