सभासदों के कार्य एजेंडे में करें शामिल
मुजफ्फरनगर। भाजपा सभासदों की बैठक में नगरपालिका से जुड़े कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। उन्होंने सभासदों से कार्यों के प्रस्ताव लेकर बोर्ड बैठक के एजेंडे में शामिल कराने की मांग की। इस संबंध में ईओ को ज्ञापन भी दिया गया।
सोमवार को हुई बैठक में सभासदों ने सभी वार्डों में समान कार्य सभासदों से लेकर बोर्ड बैठक के एजेंडे में शामिल कराने का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही स्ट्रीट लाइटों को सही कराने का रोस्टर 30 जून तक लागू करने तथा सभासदों को पहुंचाने, ठेकेदारों का भुगतान वार्ड सभासदों की संस्तुति पर करने, प्रत्येक वार्ड में छिटपुट कार्यों के लिए तीन लाख की राशि सुनिश्चित की जाए और सभासदों की संस्तुति पर इसे खर्च किया जाए। मौजूद सभासदों ने चार हैंडपंप सभासद की संस्तुति पर लगाने, नगर पालिका की संपत्ति पर नगर पालिका के बोर्ड लगवाने, कमेटियों का चुनाव तत्काल सुनिश्चित करने, सभासद कक्ष व पालिका, शहीद बचन सिंह एवं भारत माता चौक का सौंदर्यीकरण कराने, तुलसी पार्क में राष्ट्रीय ध्वज लगवाने, झांसी रानी चौक पर अवैध रूप से खड़े ठेलों को हटवाकर ठेका छोड़ने के प्रस्ताव रखे। इन संबंध में ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी को ज्ञापन भी दिया गया। मौके पर प्रेम कुमार, प्रियांशु जैन, नरेशचंद मित्तल, रानी सक्सेना, राजीव शर्मा, पवन, कुसुमलता पाल, नवनीत कुच्छल, मनोज वर्मा आदि सभासद शामिल रहे।