मुजफ्फरनगर, शाहपुर। क्षेत्र के गांव रसूलपुर जाटान में मंगलवार रात चोरों ने दो भाईयों के घरों से लाखों के जेवर व नकदी चोरी कर ली। सुबह जागने पर परिजनों को चोरी का पता चला। घटना की थाने में तहरीर दी गई है।
क्षेत्र के गांव रसूलपुर जाटान में दो भाइयों सुभाष व चंद्रपाल के मकान बराबर बराबर हैं। मंगलवार की रात सुभाष अपने मकान में नीचे बने कमरे में सो रहा था, जबकि उसकी पत्नी पदमा मकान के ऊपरी हिस्से में बने कमरे में अकेली सो रही थी। सुभाष का भाई चंद्रपाल अपने मकान में नीचे कमरे में जबकि उसकी पत्नी व बच्चें ऊपर बने कमरे में सो रहे थे । रात में किसी समय बराबर में खाली पड़े कुलवीर सिंह के मकान की दीवार पर चढ़कर चोर सुभाष के घर में घुस गए और एक कमरे में रखी सेफ का ताला तोड़कर लॉकर में रखे चार लाख रुपये नकद व 15 तोला सोने व आधा किलो चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चंद्रपाल के मकान में भी कमरे में रखी सेफ अलमारी के लॉकर को तोड़कर पौने दो लाख रुपये नकद व सोने की दो बाली व दो लोंग सहित 35 तोला चांदी के जेवर चोरी कर लिए गये। । सुबह जागने पर परिजनों को चोरी की घटना का पता चला।
उन्होंने घटना की सूचना ग्रामीणों व पुलिस को दी। घटना की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के संबंध में सुभाष ने थाने पर तहरीर दी हैं । पूर्व प्रधान सतेंद्र सिंह व भाकियू के ब्लॉक अध्यक्ष बिजेंद्र बालियान सहित अन्य ग्रामीणों ने घटना का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।