मुजफ्फरनगर : खतौली बैठक में पहुंचे जयंत चैधरी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
भाजपा पर जयंत का पलटवार ‘मै कोई चवन्नी नहीं जो पलट जाऊंगा...’
मुजफ्फरनगर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और अन्य भाजपा नेताओं के सियासी बयान पर रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह ने पलटवार किया है। जयंत ने कहा कि हम अपने घर में बिल्कुल ठीक जगह पर हैं। ‘मै कोई चवन्नी नहीं जो पलट जाऊंगा...’। किसान आंदोलन की ओर इशारा करते हुए कहा कि न्योता मुझे नहीं, उन 700 से ज्यादा किसान परिवारों को दो जिनके घर आपने उजाड़ दिए। लखीमपुर खीरी मेें किसानों के ऊपर कार चढ़ाने वाले आज भी सरकार का हिस्सा है।
भाजपा ने सियासी रणनीति के तहत दिल्ली में रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह की प्रशंसा की थी। साथ ही सपा के साथ गठबंधन की ओर इशारा करते हुए यह भी कहा था कि जयंत गलत घर में है। रालोद अध्यक्ष ने इस पर पहले ट्वीट से जवाब देते हुए कहा कि न्योता मुझे नहीं, उन 700 से ज्यादा किसान परिवारों को दो, जिनके घर आपने उजाड़ दिए। बृहस्पतिवार को जयंत ने खतौली में कहा कि यह किसानों के स्वाभिमान की लड़ाई है। भाजपा आज समाज को जाति और धर्म में बांटने का काम कर रही है। किसानों को सावधान रहना होगा। बंटना नहीं है, भाजपा जुमले फेंकने का काम करेगी, लेकिन इन पर सावधानी रखनी है। समाज को जोड़कर चलें। यह सर्वसमाज के लिए परीक्षा की घड़ी है। भाजपा को भाईचारे से एलर्जी है। नौकरी मांगने पर युवाओं पर लाठियां बरसाई जा रही है। भाजपा में घमंडी लोग बैठे हैं। लखीमपुर खीरी और हाथरस में यह लोग कहां थे। किसानों को कुचलने वाले आज भी सरकार में बैठे हुए हैं।