फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रदेश भर में आज चक्का जाम करेंगे जाट

Sun, 21 Feb 2016 12:44 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
शाहपुर मुजफ्फरनगर के गांव सोरम की ऐतिहासिक चौपाल पर आयोजित पंचायत में सर्वखाप के चौधरी हरियाणा सरकार पर जमकर बरसे। हरियाणा के मुख्यमंत्री को जाट विरोधी बताते हुए पद से हटाने की मांग की गई।  साथ ही हरियाणा सरकार की दमनकारी नीति के विरोध में पूरे उत्तर प्रदेश में रविवार को दोपहर 11 बजे से एक बजे तक चक्का जाम का ऐलान किया गया। सभी खाप चौधरियों ने केंद्र सरकार से मामले में हस्तक्षेप कर आरक्षण के मुद्दे पर कोई ठोस निर्णय लेने की मांग की है।
विज्ञापन


गांव सोरम की चौपाल पर शनिवार को जाट आरक्षण के मुद्दे पर बुलाई गई आपातकालीन पंचायत में बालियान खाप के चौधरी एवं भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार हरियाणा में चल रही दमनात्मक कार्रवाई को तुरंत बंद कराए। सरकार इस मुद्दे पर आपस में बैठकर बातचीत कर आरक्षण के मुद्दे को हल करें। यदि आरक्षण इतना ही खराब है तो सभी के लिए खत्म कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार में बैठे जिम्मेदार लोग अनर्गल बयान देकर माहौल खराब कर रहे हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि हरियाणा में आरक्षण के आंदोलन में मारे गए मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिया जाए। साथ ही मृतकों को शहीद का दर्जा दिया जाए। भाकियू अध्यक्ष ने कहा कि वह तो सभी बिरादरी की हिमायत करते हैं, परंतु अब चुप नहीं रहा जा सकता। उन्होंने युवा पीढ़ी से सहयोग की अपील करते हुए रविवार को 11 बजे से एक बजे तक पूरे प्रदेश में सड़क मार्ग जाम करने का आह्वान किया।
विज्ञापन


पंचायत में बत्तीसा खाप के चौधरी बाबा सूरजमल ने कहा कि जाट आरक्षण के मुद्दे पर सभी खापों के चौधरी हरियाणा में हो रही सरकार की दमनात्मक कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। जटराना खाप के चौधरी अजय जटराना ने भी युवाओं से आह्वान किया कि वे आरक्षण के आंदोलन में साहस व हिम्मत का परिचय देते हुए सहयोग करें। मलिक खाप के चौधरी राजेंद्र सिंह मलिक ने  कहा कि वे पूरी खाप के साथ जाट आरक्षण के मुद्दे पर साथ हैं। सभी खाप चौधरी आपस में बैठकर जो निर्णय लेेंगे, उसी का पालन कर आंदोलन में भाग लिया जाएगा।

पंचायत में जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने कहा कि हरियाणा सरकार पूरे प्रदेश में जातपात की दीवार खड़ी कर आपस में लड़ाने का काम कर रही है। केंद्र सरकार आरक्षण के मुद्दे पर हस्तक्षेप कर जाटों को आरक्षण दिलाने का काम करें।

सरकार की खिलाफत, बालियान की तारीफ
शाहपुर। सर्वखाप पंचायत में एक ओर जहां हरियाणा और केंद्र सरकार पर वक्ताओं ने आरोप-प्रत्यारोप लगाए, वहीं भाजपा के ही सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान की वक्ताओं ने तारीफ की। पंचायत में हरियाणा के मुख्यमंत्री के साथ हरियाणा कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी के बयानों की जमकर निंदा की गई।  पंचायत को भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत, अशोक बालियान, अथर चौधरी, कारी मो. हसन, सर्व खाप मंत्री सुभाष बालियान, सुधीर तालियान, अंकित बेनीवाल, उपेंद्र चौधरी, राजबीर सिंह मुंडेट, राजबीर सिंह तहलीर, धर्मवीर सिंह पंवार, विकास पंवार, अजीत राठी, धर्मवीर बालियान आदि ने संबोधित किया। इस दौरान लाटियान, बत्तीसा, देशवाल, अहलावत, जटराना, राठी, पंवार, तालियान, बेनीवाल, मलिक, बालियान आदि खापों के चौधरियों ने भाग लिया। अध्यक्षता ब्रहमसिंह टीकरी और संचालन धर्मेंद्र मलिक ने किया। पंचायत में मुख्य रूप से मनोज, सतेंद्र प्रधान, कर्णवीर सिंह प्रधान, विपिन, शकील, तेजपाल, सतबीर, राजपाल, सम्राट, रामपाल, राजेंद्र, कारी मौ. हसन बालियान, बालेंद्र, धर्मपाल सिंह गोयला, मनोज आदि मौजूद रहे।

पूर्व विधायक राजपाल और यशपाल मलिक में नोकझोंक
शाहपुर। सोरम की चौपाल पर आयोजित पंचायत में पंचायत के अंतिम दौर में पहुंचे पूर्व विधायक राजपाल बालियान को भाकियू सुप्रीमो नरेश टिकैत के भाषण के बाद बोलने का मौका दिया गया। पूर्व विधायक जब आरक्षण के मुद्दे पर अपना भाषण दे रहे थे तो जाट आरक्षण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने उनका विरोध किया, जिससे उन्हें भाषण बीच में ही रोकना पड़ा। इसी दौरान यशपाल मलिक व पूर्व विधायक के बीच काफी तीखी नोकझोंक हुई, जिससे पंचायत में खलल पड़ गई।

गृह मंत्री राजनाथ सिंह से वार्ता करेंगे
शाहपुर। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बताया कि जाट आरक्षण के मुद्दे पर शनिवार शाम आठ बजे दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह व कृषि राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान के साथ वार्ता की जाएगी। वार्ता में सभी खापों के चौधरियों के अलावा जाट आरक्षण समितियों के पदाधिकारियों एवं कई बड़े जाट नेता शामिल होंगे। वार्ता का मुख्य मुद्दा हरियाणा में जाट आरक्षण बहाल करने के साथ हरियाणा के बेकाबू हालातों को देखते हुए वहां राष्ट्रपति शासन लगाया जाना रहेगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें