कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते अखिल भारतीय युवा जाट महासभा के कार्यकर्ता।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
जाट महासभा ने नाराजगी जताई
मुजफ्फरनगर। अखिल भारतीय युवा जाट महासभा के कार्यकर्ताओं ने हाथरस में रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया। बाद में एडीएम प्रशासन को ज्ञापन देकर लाठीचार्ज करने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
अखिल भारतीय युवा जाट महासभा के कार्यकर्ता सोमवार को नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे और रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी पर किए गए लाठीचार्ज की निंदा की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जयंत चौधरी पर किए गए लाठीचार्ज को शर्मनाक और अमानवीय बताया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और दूसरे की पीड़ा जानने का अधिकार है। इसके बाद, जाट महासभा कार्यकर्ताओं द्वारा राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एडीएम प्रशासन अमित सिंह को देकर लाठीचार्ज के जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी गई। युवा जाट महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह तोमर, जिलाध्यक्ष कुलदीप चौधरी, दीपक सिवाच, शुभम राठी, दीपक चौधरी, राकेश चौधरी और मोंटी कादियान आदि मौजूद रहे।