शिक्षक के हत्यारों का नहीं लगा सुराग
मंसूरपुर। रविवार शाम पुरबालियान-जीवना मार्ग पर हुई शिक्षक सुधीर की हत्या में 24 घंटे बाद भी आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया है। परिजनों ने किसी भी तरह की रंजिश से इंकार कर अज्ञात में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के गांव जीवना निवासी सुधीर कुमार (34) पुरबालियान में कोचिंग सेंटर चलाते थे। हर रोज की तरह रविवार शाम भी सुधीर कुमार कोचिंग सेंटर से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए हत्यारों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। शिक्षक के पिता सत्येंद्र सिंह ने किसी भी तरह की रंजिश से इंकार करते हुए अज्ञात के खिलाफ देर रात हत्या की तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि हत्या के 24 घंटे बाद भी हत्यारोपियों का सुराग नहीं लग पाया है। इंस्पेक्टर केपी सिंह ने बताया कि सुधीर अभी अविवाहित था, जिससे किसी तरह की लूटपाट नहीं की गई है। उसकी बाइक व मोबाइल उसी के पास मिला है। कई बिंदुओं पर हत्या की जांच की जा रही है, जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।