जानसठ पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
मुजफ्फरनगर। आजाद समाज पार्टी ने अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। इसके अलावा जानसठ पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने के मामले में डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष जगदीश पाल के नेतृत्व में लोगों ने डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए एक ज्ञापन सौंपा। इसमें मांगेराम निवासी ग्राम राठौर जानसठ की ओर से बताया गया कि उसके द्वारा जानसठ थाने में राठौर और चितौड़ा निवासी आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने पर शिकायत दर्ज कराई थी। यह मुकदमा एससीएसटी एक्ट में दर्ज होना चाहिए था और जान लेेवा हमले की धारा लगनी थी, लेकिन पुलिस ने इसमें आरोपियों को बचाने के लिए शिकायत का अल्पीकरण करते हुए हल्की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। इससे आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित को फिर से जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
मांगेराम ने कहा कि इस हमले में घायल विशाल की हालत गंभीर बनी हुई है। पार्टी के जिलाध्यक्ष जगदीश पाल ने कहा कि पांच दिन में आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ता पुलिस के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे। इस दौरान जगदीश पाल, मांगेराम, विशाल कटारिया, जोनी रविदासिया आदि लोग मौजूद रहे।