चरथावल थाने के सामने प्रदर्शन करते विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ता।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पौन घंटे तक थाने के सामने लगाए रखा जाम
चरथावल। हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे तो वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने दुर्व्यवहार किया। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने जाम लगा दिया और थाने के सामने धरना देकर बैठ गए।
रविवार दोपहर करीब ढाई बजे विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री सोहनवीर सिंह के साथ हिंदू जागरण मंच के जिला उपाध्यक्ष अंकुुर राणा, रजत शर्मा, मोहित बजरंगी, दीपक राणा, भूपेंद्र सिंह आदि कार्यकर्ता पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे। उस समय वहां थाना प्रभारी मौजूद नहीं थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो इस पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भड़क उठे। दो दर्जन कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। करीब आधा घंटे बाद थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर बौद्ध मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उनके सामने पुलिस पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। एचएसओ ने मामले में तहरीर लेकर मुकदमा कायम कराया और पीड़िता को मेडिकल कराने के सीएचसी भिजवाया। उसके बाद धरना खत्म हुआ। संवाद
आरोप, धर्म परिवर्तन के लिए बनाया जा रहा था दबाव
चरथावल। परिजनों का आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जा रहा था और तीन दिन से गांव के रसूखदार लोग सुलहनामा कराने का दबाव दे रहे थे।
करीब आठ महीने पहले कक्षा आठ में पढऩे वाली छात्रा के गांव से सटे दूसरे गांव के आरोपी का उसके पिता के पास आना शुरू हुआ था। पीड़िता का पिता मानसिक रूप से बीमार है। एक दिन छात्रा के स्कूल में आने के बाद आरोपी पिता की तबियत खराब होने की बात कहकर जंगल में ले गया। वहां आतंकित कर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके दो साथियों ने वीडियो बनाई। उसके बाद वीडियो वायरल की धमकी देकर ब्लैकमेल करता रहा। पीड़िता की हालत खराब रहने लगी, तो उसका जीजा उसे हरियाणा ले गया। उसने अपनी बहन को पूरी घटना बताई। जांच कराने पर छात्रा गर्भवती पाई गई। उसके बाद जीजा ने मामले में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की पहल की।