फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आईटीएफ महिला टेनिस टूर्नामेंट : सर्बिया की नतालिजा कोस्टिक को मिला सिंगल खिताब

Sun, 18 Nov 2018 12:31 AM IST
अमर उजाला/ब्यूरो, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
विजेता कोस्टिक को ट्राफी प्रदान करते न्यायमूर्ति एवं विधि आयोग के चेयरमैन । - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सातवीं भावना स्वरूप मेमोरियल आईटीएफ महिला टेनिस टूर्नामेंट का सिंगल खिताब सर्बिया की नतालिजा कोस्टिक जीतने में कामयाब हुई। दूसरे सेट में दाएं पैर की मांसपेशियों में दर्द के कारण स्लोवाकिया की टेरेजा मिहालिकोवा के लिए फाइनल मैच पूरा करना मुश्किल हो गया। टेरेजा खुद ही कोर्ट से रिटायर हो गई, जिसकी वजह से कोस्टिक को विजेता घोषित कर दिया गया। भावुक हुई टेरेजा ने कोस्टिक को गले मिलकर जीत की बधाई दी।  
विज्ञापन


सर्विस क्लब के ग्रास कोर्ट पर सिंगल का फाइनल स्लोवाकिया की टेरेजा मिहालिकोवा और सर्बिया की नतालिजा कोस्टिक के बीच खेला गया। तजुर्बे के लिहाज से टेरेजा और कोस्टिक में कड़े मुकाबले की उम्मीदें थीं। सर्विस पर कोस्टिक का कमाल का नियंत्रण दिखा। पहले राउंड से ही उन्होंने टेरेजा को कोर्ट पर अपने शॉट्स की विविधता से अचंभित किया। शाट्स पर कोस्टिक की आवाज, नेट के करीब बॉल डालने का अंदाज देखने काबिल था।

लंबाई के बावजूद टेरेजा मिहालिकोवा को कोस्टिक के नेट के आसपास आए शॉटस को लौटाने में मुश्किलें आईं। 2-0 की बढ़त मिलने के बाद कोस्टिक का हौसला बढ़ गया। हालांकि टेरेजा ने अपनी सर्विस में अंक जुटाकर वापसी की कोशिश की, लेकिन बार-बार कोस्टिक सर्विस ब्रेक करती। टेरेजा को तीन बार ड्यूस और एडवांटेज के हालात बने। टेरेजा ने संघर्ष के बाद अपना पहला सेट जीता।
विज्ञापन


कोस्टिक अपनी सर्विस में अधिक तेज नजर आई। कोर्ट पर लंबी रैलियां देखने को नहीं मिली। कोस्टिक सर्विस के साथ एक-दो शॉट में ही अंक बटोरती दिखी। टेरेजा जब तक दो अंक बना पाई, तब तक कोस्टिक पांच अंक ले चुकी थी। अंत में कोस्टिक ने पहला सेट 6-2 से जीत लिया। पहले सेट में कोस्टिक ने अहसास करा दिया कि टेरेजा के लिए उन्हें हराना आसान नहीं होगा, जिस तरह से सेमीफाइनल में स्लोवीनिया नस्तजा कोलार के विरुद्ध टेरेजा ने मैंच में वापसी कर जीत हासिल की थी।

दर्शकों को कुछ वैसे ही उम्मीद थीं। हालांकि ऐसा हो नहीं पाया। दूसरा सेट जैसे ही शुरू हुआ, टेरेजा के दाएं पैर की जांघ में दर्द होने लगा। फिजियोथैरेपिस्ट ने मैदान में उपचार कर उन्हें राहत दी। जब दर्द हल्का नहीं हुआ तो जांघ में पट्टी बांधनी पड़ी। इसके बाद यह सेट आगे बढ़ा। कोस्टिक ने सर्विस और रिटर्न में अपनी चपलता बनाए रखी।

टेरेजा के पास उनके शॉट्स का कोई जवाब नहीं था, जिस वक्त यह सेट कोस्टिक के हक में 2-1 से चल रहा था, उसी वक्त टेरेजा अंपायर हिमांशु मलिक की चेयर के पास आई और मैच से रिटायर होने की बात कह दी। कोस्टिक को गले मिलकर जीत की बधाई देते हुए टेरेजा मिहालिकोवा भावुक हो गईं और रोने लगीं। दर्शकों ने तालियां बजाकर आस्ट्रेलिया ओपन जूनियर चैंपियन रह चुकी टेरेजा का उत्साहवर्द्धन किया। विश्व 360वीं रैंक की खिलाड़ी सर्बिया की नतालिजा कोस्टिक ने सिंगल चैंपियन बनने का श्रेय पा लिया। दर्शक दीर्घा में बैठे उनके कोच निकोला सायवानोविक ने चिर परिचित अंदाज में कोस्टिक के साथ डांस के स्टेप कर सेलीब्रेट किया। 

इंडोनेशिया की अल्दिला और चीन की वांग ने जीता डबल्स का खिताब  
आईटीएफ महिला टेनिस टूर्नामेंट के डबल्स का खिताब इंडोनेशिया की अल्दिला सुतजियादी और चीन की दन नी वांग की जोड़ी ने अपने नाम किया। फाइनल मुकाबला संघर्षपूर्ण रहा। अंत में जापान की ओकामोरा व ओजेकी को 7-6, 7-5 से हार का सामना करना पड़ा। सर्विस क्लब के ग्रास कोर्ट पर टूर्नामेंट के अंतिम दिन शनिवार सुबह पौने 11 बजे डबल्स खिताब के लिए घमासान शुरू हुआ। इंडोनेशिया की अल्दिला सुतजियादी और चीन की दन नी वांग के आपसी तालमेल ने जापान की जोड़ी को कई मौकों पर हैरत में डाल दिया।

हर शॉट से पहले अल्दिला और वांग की गुफ्तगू का अलग फायदा दिखा। रणनीति के तहत दोनों खिलाड़ी सर्विस और शॉट्स का तालमेल बनाकर अंक बटोरती गई। जापान की कोयोका ओकामोरा और मिचिका ओजेकी भी कम नहीं थीं। एक-एक अंक के लिए संघर्ष होता रहा। पहले सेट में जब 6-5 से अल्दिला और वांग आगे थी, तब टाई ब्रेक हो गया। सेट के टर्निंग प्वाइंट पर जापान की जोड़ी चूक गई और पहला सेट 7-6 से गंवा दिया।

ओकामोरा और ओजेकी हार्ड कोर्ट पर बेहतर खिलाड़ी रही हैं, लेकिन ग्रास कोर्ट की माहिर वांग और अल्दिला ने बेहतर जुगलबंदी दिखाई। नेट पर अल्दिला का रिटर्न अचूक था तो सर्विस में वांग का खेल लाजवाब रहा। बीच-बीच में ओकामोरा के कई शॉट्स शानदार रहे। दूसरे सेट में मुकाबला बराबरी का चलता रहा। अल्दिला और वांग ने एकाएक जापान की जोड़ी की घेराबंदी की और दो अंक जुटाकर 7-5 से दूसरा सेट अपने नाम कर लिया। लगातार दो सेट में जीत से यह जोड़ी डबल्स खिताब की विजेता बनी। यह मैच एक घंटा 47 मिनट चला। वांग के कोच हॉवर्ड लगातार हौसला अफजाई करते दिखे।  

नहीं भूलेंगी सर्विस क्लब की यादें  
मुजफ्फरनगर। भावना स्वरूप मेमोरियल आईटीएफ टेनिस टूर्नामेंट की सुनहरी यादें हमेशा साथ रहेंगी। डबल्स फाइनल में जीती इंडोनेशिया की अल्दिला सुतजियादी और चीन की दन नी वांग ने सर्विस क्लब के ग्रास कोर्ट पर यह बात कही। अल्दिला जीत के बाद पवेलियन लौट गई, जबकि वांग दर्शकों से घिरी रही। सेल्फी के साथ आटोग्राफ लेने के लिए दर्शक जुटे रहे। अल्दिला और वांग ने कहा कि डबल्स में तालमेल से खेली। ग्रास कोर्ट का अनुभव भी काम आया। डबल्स में हम कई खिताब जीत चुके हैं। सर्विस क्लब के टूर्नामेंट में वह बार-बार आना चाहेंगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें