फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आईटीएफ टेनिस टूर्नामेंट : क्वाटा और मिहालिकोवा ने सेमीफाइनल में बनाई जगह

Fri, 16 Nov 2018 12:23 AM IST
अमर उजाला/ब्यूरो, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
टेनिस खिलाड़ी क्वाटा और मिहालिकोवा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आईटीएफ महिला टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल के सिंगल मुकाबलों में जापान की हिरोका क्वाटा, स्लोवाकिया की टेरेजा मिहालिकोवा, स्लोवीनिया की नस्तजा कोलार और सर्बिया की नतालिजा कोस्टिक ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इंडोनेशिया की अल्दिला सुतजियादी और बुल्गारिया की अलेक्जेंड्रा नायडेनोवा की हार ने सभी को चौंका दिया। शुक्रवार की सुबह साढ़े 11 बजे से सेमीफाइनल के मैच खेले जाएंगे।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार को भावना स्वरूप मेमोरियल आईटीएफ टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। कोर्ट एक पर इंडोनेशिया की अल्दिला सुतजियादी की हार ने हर किसी को चौंका दिया। अभी तक टूर्नामेंट में अल्दिला कोई मैच नहीं हारी थी। विश्व में उनकी 664वीं रैंक है, मगर जापान की हिरोका क्वाटा ने पहले ही सेट में उन्हें 6-1 से एकतरफा शिकस्त दी। टूर्नामेंट की सबसे अच्छी 278 रैंक की खिलाड़ी क्वाटा ने कोर्ट पर गजब का संतुलन दिखाया।

उनकी सर्विस और रिटर्न का अल्दिला के पास कोई तोड़ नहीं था। दूसरे सेट में अल्दिला ने क्वाटा को कड़ी चुनौती दी। कोर्ट के हर कोने में शॉट्स खेलकर अल्दिला ने वापसी की उम्मीद जगाई। टाई ब्रेक तक पहुंचे सेट में अल्दिला ने 6-7 से बाजी मार ली। अंतिम सेट में बॉल पर अल्दिला का नियंत्रण टूट गया। कई बार सर्विस लाइन के बाहर हुई तो कई बार बॉल नेट में उलझ गई। झल्लाई अल्दिला ने रैकेट को गुस्से में शूज पर मारा। शांत बनी रही हिरोका क्वाटा ने अल्दिला को संभलने का मौका ही नहीं दिया। अंतिम सेट 6-4 से जीतकर क्वाटा सेमीफाइनल में कूच कर गई। यह मैच दो घंटा 33 मिनट तक चला।  
विज्ञापन


कोर्ट दो पर क्वाटर फाइनल की सबसे बड़ी जंग हुई। बुल्गारिया की अलेक्जेंड्रा नायडेनोवा और स्लोवाकिया की टेरेजा मिहालिकोवा ने एक दूसरे को हराने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। दो घंटे 41 मिनट तक चले मुकाबले में बाजी टेरेजा के हिस्से आई। अंतर्राष्ट्रीय टेनिस के अनुभव का फायदा उठाते हुए टेरेजा ने पहला सेट 4-6 से हारने के बावजूद जीत की राह पकड़ी।

अलेक्जेंड्रा एक वक्त जीत की दहलीज पर पहुंच चुकी थी। पहले सेट को जीतने के बाद दूसरे सेट में अचानक जीत उसके हाथ से फिसल गई। टाई ब्रेकर में किस्मत ने टेरेजा का साथ दिया और उन्होंने 7-6 से यह सेट जीत लिया। खिली धूप का असर भी खिलाड़ियों को परेशान कर रहा था। तीसरे सेट में टेरेजा ने 6-3 से विजय हासिल कर बुल्गारिया की अलेक्जेंड्रा का सफर खत्म कर दिया।

कोर्ट तीन पर स्लोवीनिया की नस्तजा कोलार ने जापान की कोयोका ओकामोरा के खिलाफ बेहतरीन जीत दर्ज की। ओकामोरा की विश्व में 438वीं रैंक है जबकि कोलार रैंकिंग में 347वें क्रम पर हैं। एक घंटा 27 मिनट चले मैच में कोलार ने 6-4, 6-3 से ओकामोरा को हरा दिया। चौथे क्वार्टर फाइनल मैच में सर्बिया की नतालिजा कोस्टिक ने धूम मचाई। एकतरफा मुकाबले में कोस्टिक ने जर्मनी की एस. सेकुलिक को पराजित किया। कोस्टिक ने 6-3, 6-1 से मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह हासिल की। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें