जिलाधिकारी राजीव शर्मा ने कहा कि कृषि विभाग किसानों के हित के लिए काम करें। किसानों के लिए आई योजनाओं का लाभ पात्र किसानों को मिलना चाहिए। उन्होंने जिले की सभी साधन सहकारी समितियों में सदस्यता अभियान चलाने के आदेश दिए। नलकूपों के बिलों पर ओटीएस की सुविधा किसानों को देने और समस्याओं को तुरंत निराकरण करने की बात कही।
जिला पंचायत सभागार में किसान दिवस पर डीएम ने कहा कि कृषि विभाग मृदा परीक्षण मशीन से किसानों की मृदा का गुणवत्ता पूर्ण परीक्षण कराए। किसानों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ किसानों को ही मिलना चाहिए।
उन्होंने डीसीओ से कहा कि चीनी मिलों द्वारा जनपद के सभी किसानों का गन्ना क्रय किया जाए और उसका भुगतान समय पर किया जाए। भुगतान नहीं करने वाली मिलों पर कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि बिजली लाइन से होने वाली फसल हानि एवं पशु हानि के प्रकरणों में शीघ्र मुआवजा राशि देने के निर्देश दिए।
सड़क दुर्घटना आदि में होने वाली जनहानि के लिए भी कृषकों को लेखपाल से संपर्क कर बीमित होने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में खाद, बीज और कीटनाशक दवाइयों के विक्रेताओं की दुकानों व गोदामों का निरीक्षण करें।
वैज्ञानिक पद्धति के आधार पर खेती करने मृदा परीक्षण कराने एवं उर्वरकों की आवश्यकता अनुसार उपयोग करने पर बल दिया। उन्होंने सोलर पंप योजना के बारे में किसानों को विस्तृत रूप से जानकारी देते हुए योजना का लाभ उठाने के बारे में कहा।
अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिए कि ठेके पर कार्यरत कर्मियों को आई कार्ड और वर्दी में ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए जाए। एडीएम वित्त सियाराम मौर्य, जिला कृषि अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, एआर को-ऑपरेटिव सहित किसान नेता एवं बडी संख्या में किसान मौजूद रहे।
हंगामे के डर से गायब रहे डीडी
मुजफ्फरनगर। किसान दिवस में कृषि यंत्र करोड़पतियों को देने का मामला उछलने के डर से डीडी कृषि नरेंद्र सिंह गायब रहे। कृषि यंत्र मामले में विभाग की काफी फजीहत हो चुकी है। योजानाओं की बंदरबांट के कारण किसानों में रोष है। उप निदेशक किसानों का सामना करने से डरते दिखाई दे रहे हैं।