मुस्लिम धर्म कबूलने वाला शिव सेना नेता सुशील कुमार जैन।
- फोटो : अमर उजाला
जैन समाज से ताल्लुक रखने वाले शिवसेना नेता ने इस्लाम धर्म कबूल करने का दावा किया है। इतना ही नहीं उसने अपना नाम सुशील कुमार जैन से बदलकर अब मोहम्मद अब्दुल समद भी रख लिया है। मीडिया को प्रेस नोट भेजकर शिवसेना नेता ने मुसलमान बनने का खुलासा किया। बाकायदा मुसलमान बने शिवसेना नेता ने शपथ पत्र बनवाकर अधिकारियों को भेज दिए हैं।
शिवसेना के पूर्व नगराध्यक्ष मोहल्ला सराफान निवासी सुशील कुमार जैन पुत्र जयप्रकाश जैन की शादी नहीं हुई है। उसने प्रेस नोट भेजकर बताया कि वह जैन समाज, नगरपालिका तथा राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली से क्षुब्ध होकर अपनी मर्जी से बिना किसी जबरदस्ती और लालच के धर्म परिवर्तन कर सुशील कुमार जैन से मोहम्मद अब्दुल समद बन गया हूं।
अब मुझे इसी नाम से पुकारा जाए। चर्चा है कि सुमशील कुमार जैन ने करीब दो माह पूर्व किसी मौलवी के पास जाकर इस्लाम धर्म कबूल कर लिया था। वह एक महीने की जमात पर भी मुस्लिम लोगों के साथ गया था। इतना ही नहीं वह मस्जिद में भी नमाज पढ़ रहा है। उधर, जैन समाज के कुछ लोगों से इस संबंध में बातचीत की गई तो, उनका कहना है कि सुशील कुमार जैन का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है।