देवबंद (सहारनपुर)। नगर की मोहम्मदिया मस्जिद में रहकर गए कश्मीर निवासी अशरफ अमीन की मौत के बाद प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अशरफ अमीन के संपर्क में आए मोहल्ला खानकाह के 25 लोगों का चिकित्सीय परीक्षण किया है। जिसमें सभी लोग स्वस्थ पाए गए हैं, जबकि मृतक बुजुर्ग के संपर्क में आने के चलते तीन कश्मीरी युवकों को भी जिला अस्पताल में आइसोलेट किया गया है।
बुधवार को कश्मीर के श्रीनगर में 65 वर्षीय बुजुर्ग अशरफ अमीन की मौत हो गई थी। अशरफ अमीन के जमात के दौरान 9 से 11 मार्च तक देवबंद में रहने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग व अधिकारियों में हड़कंप मच गया था। सीएमओ डॉक्टर बीएस सोढ़ी ने बृहस्पतिवार को टीम के साथ खानकाह चौकी के समीप उस मस्जिद को बंद करा दिया था, जिसमें अशरफ अमीन रहे थे। वहीं मस्जिद में रह रहे असम के 2 व त्रिपुरा के 1 व्यक्ति को सहारनपुर जिला चिकित्सालय भेज दिया था। स्वास्थ्य विभाग ने अशरफ अमीन के संपर्क में आए तीन अन्य कश्मीरी युवकों को भी शुक्रवार को जिला अस्पताल में आइसोलेट करा दिया है। सीएचसी प्रभारी डा. इंद्राज सिंह ने बताया कि इसमें मस्जिद के मुतवल्ली व खानकाह वार्ड सभासद का सहयोग रहा। उन्होंने बताया कि सहारनपुर जिला अस्पताल में आइसोलेट किए गए 6 युवकों का सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया है। शनिवार को उनकी रिपोर्ट आएगी। यदि रिपोर्ट नेगेटिव आई तो मस्जिद को खोल दिया जाएगा। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मस्जिद के आसपास के पूरे इलाकों में कीटनाशक दवा का छिड़काव भी कराया है।