मुजफ्फरनगर। मोहल्ला रैदासपुरी निवासी मोनू की हत्या के मामले में पत्नी पूजा को गिरफ्तार करने के बाद अन्य वांछित चारों आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस ने जांच शुरू की है।मृतक की मां सुकरमा देवी ने पुत्रवधू सहित पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी
हलवाई का काम करने वाला मोनू अपनी पत्नी पूजा व पांच साल के बेटे लविश को लेकर पास में ही ब्रह्मपुरी में किराए के मकान में रहता था। उसकी मां व पत्नी में विवाद रहता था। दो दिन पहले रात में मोनू की जहर के सेवन से मौत हो गई थी। इस दौरान उसकी पत्नी पति के जहर खाने के बाद मायके वहलना चली गई थी।
अगले दिन पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो वह अपने परिजनों के साथ आ गई थी। मृतक की मां ने अपनी पुत्रवधू पर जहर खिलाने का आरोप लगाया था। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। मृतक की मां ने पूजा व उसके पिता रामपाल, भाई अनिकेत, बहन पूनम व सुमन के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया था।
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि घटना के समय मकान पर दंपती अकेला था। इसलिए रिपोर्ट में शामिल किए गए आरोपियों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।