सीएचसी-पीएचसी पर मनाया जाएगा अंतराल दिवस
मुजफ्फरनगर। परिवार नियोजन के तहत जनपद के सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर नौ जून को ‘अंतराल दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही हर माह की नौ को मनाए जाने वाले ‘प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस’ का भी आयोजन होगा।
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि कार्यक्रमों के लिए शासन की ओर से प्राप्त दिशा-निर्देश विभाग को जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत प्रत्येक बुधवार को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की सभी सीएचसी-पीएचसी पर अंतराल दिवस मनाया जाता है। प्रत्येक माह की नौ तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस तथा 21 तारीख को खुशहाल परिवार दिवस मनाया जाता है। परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. वीके सिंह ने बताया कि कोरोना काल के दौरान परिवार नियोजन को गति देने के उद्देश्य से इस विशेष दिवस का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अंतरा केयरलाइन 1800-103-3044 के जरिए महिलाएं इससे आसानी से जुड़ सकती हैं। टोल फ्री नंबर की सुविधा सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक उपलब्ध है।