नगर में नेट शुरु होने पर मोबाईल पर जानकारी लेते यूपी क्रिकेट टीम के कोच एवं खिलाडी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
नौ दिन बाद शुरू हुआ शहर में इंटरनेट
मुजफ्फरनगर। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में 20 दिसंबर से बंद शहर की इंटरनेट सेवा को आखिरकार नौ दिन बाद शनिवार सुबह से बहाल कर दिया गया। वहीं, शांति के बावजूद एहतियातन चौराहों पर अभी भी फोर्स तैनात की गई है।
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में 20 दिसंबर को हुए उपद्रव के कारण जिला प्रशासन ने शहर की इंटरनेट सेवा बंद करा दी थी। इंटरनेट सेवा पूरी तरह बाधित थी, जिसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। उपद्रव के एक सप्ताह बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद शनिवार से शहर क्षेत्र की इंटरनेट सेवा फिर से बहाल कर दी गई है। उधर, उपद्रव के एक सप्ताह बाद एहतियातन शहर में प्रमुख चौराहों पर पुलिस फोर्स अभी भी मौजूद है। शहर के मीनाक्षी चौक, नावल्टी चौक, फक्करशाह चौक, शिवचौक, कच्ची सड़क समेत सभी संवेदनशील स्थानों पर फोर्स की मौजूदगी फिलहाल बरकरार ही रखी गई है। एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि माहौल पूरी तरह शांत होने के बाद क्रमवार तरीके से फोर्स को शहर की सड़कों से हटा लिया जाएगा।