रोहानाकलां (मुजफ्फरनगर)। पटरी पर दौड़ रही इंटरसिटी एक्सप्रेस का इंजन धू-धू कर जलने लगा। ट्रेन रुकने के बाद आग का विकराल रूप देख यात्री बोगियों से कूद गए।
ड्राइवर के साथ यात्रियों ने पानी और रेत डालकर आग बुझाने की कोशिश की। सूचना के काफी देर बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की जीप ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। घटना के बाद रेलमार्ग पर तीन घंटे तक ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा।
दिल्ली से अंबाला जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस मुजफ्फरनगर स्टेशन से निर्धारित समय पर प्रस्थान कर चुकी थी। 4:11 बजे बामनहेड़ी और रोहाना के बीच दौड़ती ट्रेन के इंजन में अचानक आग लग गई। बाननगर फाटक पर जब तक ट्रेन रोकी गई, आग ने विकराल रूप ले लिया था।
इंजन धू-धू कर जलता देख यात्री बोगियों से कूद गए। ड्राइवर और सहायक भी आग की वजह को नहीं समझ पाए। बाद में यात्रियों की मदद से पास ही में एकत्रित पानी को इंजन पर फेंका गया। आग बुझाने के लिए यात्रियों ने अपनी मिनरल वाटर की बोतलें भी खाली कर दीं।
सूचना पर कोतवाली और छपार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन पटरी तक जाने का रास्ता नहीं मिला। पटरी तक फायर जीप को जैसे-तैसे ले जाया गया और दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
रेलगाड़ी में सवार हजारों मुसाफिर ट्रैक के आसपास जमा हो गए। पुलिस ने यात्रियों को समझा-बुझाकर ट्रैक से हटाया।
सिंगल ट्रैक पर इंटरसिटी में आग लगने की वजह से दिल्ली और सहारनपुर के बीच रेलगाड़ियों का आवागमन ठप हो गया।
जिस समय इंजन में आग लगी, उसके कुछ देर बाद मुजफ्फरनगर स्टेशन पर जालंधर एक्सप्रेस, जनशताब्दी, सहारनपुर पैसेंजर पहुंच गईं। तीन घंटे तक ट्रैक पर आवागमन बाधित रहा। पीछे से आ रही उत्कल कलिंगा एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म पर लाने के लिए जालंधर एक्सप्रेस को बामनहेड़ी स्टेशन पर खड़ा किया गया।
देहरादून-बांद्रा एक्सप्रेस को रोहाना स्टेशन पर रोका गया। नौचंदी एक्सप्रेस को देवबंद में खड़ा किया गया। इंजन बदलने के बाद इंटरसिटी को 6:47 बजे अंबाला के लिए रवाना कर दिया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर सोनी शर्मा ने बताया कि मुख्यालय से आई टीम ने प्रथम द्रष्टया शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना है। आग के कारणों की पूरी पड़ताल बाद में की जाएगी।
ट्रेन छोड़ी, बस से गए यात्री
भैया दोज पर्व के कारण ट्रेन में यात्रियों की भारी भीड़ थी। सहारनपुर, अंबाला तक की यात्रा के लिए ट्रेन में बैठे यात्रियों को भारी परेशानी हुई। महिला यात्रियों ने ट्रेन का सफर छोड़कर बस से आगे का सफर तय करने का फैसला लिया। पुलिसकर्मियों से पूछकर महिला यात्री देवबंद-सहारनपुर मार्ग पर पहुंची।
एकत्र पानी से बुझानी पड़ी आग
डबल ट्रैक के निर्माणाधीन कार्य के लिए एकत्र पानी आग बुझाने के काम आया। रेलवे मंत्रालय के निर्देश पर मेरठ से सहारनपुर के मध्य पटरी के दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। जहां इंजन रुका, वहां पुलिया का निर्माण किया गया है। यात्रियों ने एकत्र पानी से ही इंजन की आग बुझाने की कोशिश की।