मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र के लोहड्डा गांव के पटाखा फैक्टरी प्रकरण में आरोपियों का रिमांड कराने में नाकाम और विवेचना करने से इन्कार करने पर रतनपुरी थाने के दरोगा हरिओम को निलंबित कर दिया गया।
एसएसपी संजय कुमार ने बताया कि विभागीय जांच शुरू की गई है। इसके अलावा सिखेड़ा थाने के दरोगा राज कुमार को पैसे मांगने के आरोप में निलंबित किया है।
थाना रतनपुरी क्षेत्र में लोहड्डा गांव में अवैध पटाखा फैक्टरी में आग लग गई थी। किशोर अब्दुल कासिम, उजेफा और रिहान झुलस गए थे। अब्दुल कासिम में उपचार के दौरान दिल्ली में मौत हो गई थी।
एसएसपी ने इस मामले में लापरवाही मानते हुए सठेड़ी पुलिस चौकी प्रभारी रूपेश कुमार का निलंबित कर दिया था।
इसी थाने पर तैनात दरोगा हरिओम को अब निलंबित किया गया है। बताया गया कि दरोगा ने पटाखा प्रकरण में लापरवाही बरती। वह गिरफ्तार आरोपियों का कोर्ट में रिमांड नहीं करा पाए। उन्होंने इस मामले की विवेचना भी करने से इन्कार कर दिया।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि सिखेड़ा थाना क्षेत्र में पिछले दिनों मुंबई की पुलिस आई थी। इस दौरान दरोगा राज कुमार पर पैसे मांगने का आरोप लगाया गया। इसलिए उनके निलंबन की कार्रवाई की गई। जबकि हरिओम को अनुशासनहीनता में निलंबित किया गया। निलंबित किए गए दोनों दरोगाओं के मामले में क्षेत्रीय सीओ से जांच कराई गई।