पुरकाजी। शेरपुर चौकी पर तैनात दरोगा विक्रम भाटी की फेसबुक आईडी हैककर शातिरों द्वारा उनके परिचित व रिश्तेदारों को आईडी से मैसेज भेजकर रुपयों की मांग की जा रही है। परिचित द्वारा जानकारी दिए जाने पर दरोगा ने आईडी बंद बंद कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुरकाजी थाने की शेरपुर चौकी पर एसआई विक्रम भाटी तैनात हैं, जिनकी फेसबुक आईडी पर उनके वर्दी वाले फोटो भी लगे हुए हैं। एसआई ने बताया कि शुक्रवार को उनके एक परिचित ने मोबाइल पर कॉल कर उनसे रुपये मांगने की बाबत जानकारी ली। दरोगा द्वारा रुपये नहीं मांगने की बात कही तो परिचित ने दरोगा की फेेसबुक आईडी से इस बाबत मैसेज भेजे जाने की जानकारी दी। दरोगा ने जब इसकी जांच की तो पता चला कि उनके कई रिश्तेदारों व परिचितों के पास उनकी आईडी से इस तरह के मैसेज भेजे गए हैं, जिनमें दरोगा को अचानक जरूरत पड़ने की बात कहकर रुपये एक अकाउंट में डलवाने की बात कही गई है। आनन-फानन में दरोगा ने जिला मुख्यालय में साइबर सेल को मामले से अवगत कराते हुए अपनी फेसबुक आईडी बंद करने के लिए कहा। दरोगा का कहना है कि आईडी बंद होने के बाद आईडी हैक करने वाले व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।