संवाद न्यूज एजेंसी
सिखेड़ा/जानसठ। क्षेत्र के गांव निराना की रहने वाली बेटी के डेढ़ साल के मासूम बालक की मंगलौर में ईंट भट्ठे पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पीड़िता और उसके मायके वालों ने पिता पर ही अपने सौतेले बेटे की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने बताया कि गांव निराना के रहने वाले आशू ने अपनी पुत्री आसमां का निकाह मीरापुर क्षेत्र के गांव कैथोड़ा में किया था। आसमां के पति की अचानक मौत गई थी। पहले पति से आसमां को डेढ़ साल का बेटा वहीब था। चार माह पूर्व आशू ने आसमां का दूसरा निकाह मीरापुर के गांव मुझेड़ा निवासी फैजान से कर दिया। फैजान हरिद्वार के थाना मंगलौर के गांव लधौड़ा में स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है। फैजान अपने साथ आसमां और डेढ़ साल के वहीब को भी ईंट भट्ठे पर ले गया था।
पुलिस के मुताबिक सोमवार की शाम को आसमां ईंट भट्ठे पर बने कमरे में बालक के लिए दूध गर्म कर रही थी। बालक रो रहा था, इस दौरान पिता फैजान बालक को लेकर दुकान से टॉफी दिलवाने को गया। कुछ देर बाद फैजान ने वापस आकर बालक को चारपाई पर लिटा दिया और वहां से चला गया।
कुछ देर बाद बालक वहीब ने दम तोड़ दिया। आरोप है कि इस दौरान फैजान वहां से भाग गया था। मंगलवार की सुबह आसमां अपने बेटे के शव को लेकर अपने मायके गांव निराना में पहुंची। इस दौरान किसी ग्रामीण ने बालक की हत्या की सूचना मोबाइल फोन से एसएसपी को दी।
एसएसपी के निर्देश पर सिखेड़ा पुलिस गांव निराना में पहुंची। पीड़िता और मायके वालों ने भागे पिता पर सौतेले बेटे की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।