गांव परेई के घायल युवक की मौत के बाद थाने पहुंचे ग्रामीण -संवाद
- फोटो : शहर में शनिवार को हंगामा कर रहे दुकानदारों से बात करती सदर विधायक।
छपार। तीन दिन पूर्व घायल अवस्था में मिले युवक की मेरठ मेडिकल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को घर पर रखकर थाने पहुंचे। एक पेपर मिल के शिफ्ट इंचार्ज व उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो परिजनों ने डीएम कार्यालय पर धरना शुरू कर दिया। कार्रवाई न होने पर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। देर रात डीएम उमेश मिश्रा ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। छपार पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ कर पूछताछ की है।
गांव परेई निवासी संजय कुमार मखियाली के पास एक पेपर मिल में लेबर ठेकेदार था। परिजनों ने बताया कि वह 17 सितंबर को घायल अवस्था में मुजफ्फरनगर में शांतिनगर के पास पर मिला था। उपचार कराने के बाद कुछ युवक उसे घर पर छोड़ गए। तीसरे दिन हालत बिगड़ने पर उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से डाक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन पोस्टमार्टम कराकर शव शनिवार सुबह घर ले आए।
इसके बाद सैकड़ों ग्रामीणों के साथ परिजन थाने पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर देकर बताया कि जिस फैक्टरी में संजय काम करता था वहां के शिफ्ट इंचार्ज व उसके साथियों ने उसे मारपीट कर घायल किया है। शिफ्ट इंचार्ज पर संजय के चार लाख रुपये बकाया थे। रुपये मांगने पर यह घटना की गई है। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो परिजन व ग्रामीण शाम के समय डीएम कार्यालय पर धरना देकर बैठ गए। परिजनों ने बताया कि छपार व नई मंडी कोतवाली पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
धरने पर आजाद पार्टी काशीराम के मंडल अध्यक्ष जगदीश पाल व राजबीर सिंह, विभोर शर्मा, राजेंद्र पाल, महिपाल, धर्मेंद्र, चंद्रभान, वेदपाल, ओमपाल, विनेश आदि मौजूद रहे। उधर, छपार पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ कर पूछताछ शुरू कर दी है।
गांव परेई के घायल युवक की मौत के बाद थाने पहुंचे ग्रामीण -संवाद- फोटो : शहर में शनिवार को हंगामा कर रहे दुकानदारों से बात करती सदर विधायक।