महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
मुजफ्फरनगर। समाज में आर्थिक उन्नति के लिए महिलाओं को स्वरोजगार में आगे आना चाहिए। जब तक महिलाएं आत्मनिर्भर नहीं होगी, समाज और राष्ट्र का तेजी के साथ उत्थान नहीं हो सकता।
रुड़की रोड के निकट होली चौक पर आयोजित गोष्ठी में प्रगति एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसायटी के चेयरमैन एमएस चौहान ने कहा कि महिलाएं समाज का आधार है। इनकी प्रगति का मतलब समाज की प्रगति है। महिलाओं के सामने सबसे बड़ी समस्या आर्थिक कमजोरी है। स्वरोजगार से ही आर्थिक कमजोरी दूर की जा सकती है। संस्था के अमित गोयल ने कहा कि स्वच्छता और स्वरोजगार ये दो मुख्य पहलु हैं। इस अवसर पर गोपाल सेवा समिति एवं प्रगति एजुकेशनल एंड वेलफेयर की ओर से सेनेटरी नेपकिन का वितरण किया गया। भाजपा की महिला नेता सरिता गौड़ ने कहा कि हमें स्वच्छता के पीएम मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के उद्देश्य को पूरा करने के लिए गांव-गांव घर-घर जाकर जागरूकता लानी होगी। महिलाओं को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना होगा। कार्यक्रम में ब्लॉक की आशा बहनों ने भी शिरकत की। प्रीति चौधरी ने महिलाओं से अभियान से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रेखा, सोनिया, संगीता, प्रिया, कृष्णा, सोनिया रानी, ममता, अभिलाषा शर्मा इत्यादि महिलाओं ने भाग लिया।