मुजफ्फरनगर। रतनपुरी के भनवाड़ा गांव में किसान राकिब (28) की मौत के मामले में अवैध संबंधों में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। पत्नी तबस्सुम ने गंगोह के रहने वाले ननदोई शाहरुख के साथ मिलकर दूध में नींद की चार गोलियां पिला दी। ओवरडोज हो जाने के कारण बिस्तर पर ही मौत हो गई।
पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई थी लेकिन कॉल डिटेल और पुलिस पूछताछ में आरोपी पत्नी टूट गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के बीच डेढ़ साल से अवैध संबंध थे।
शनिवार को एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक ने पुलिस लाइन सभागार में बताया कि हुसैनाबाद भनवाड़ा गांव में आठ सितंबर को राकिब का शव उसके बिस्तर पर ही पड़ा मिला था। मृतक के पिता सत्तार ने तबस्सुम और गंगोह थाना क्षेत्र के गांव हमजागढ़ निवासी दामाद शाहरुख के खिलाफ राकिब को नशीली गोलियों की ओवरडोज देने के आरोप में शिकायत की थी।
पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई, जिस कारण विसरा प्रिजर्व किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि तबस्सुम और शाहरुख के बीच अवैध संबंध थे। दोनों ने आठ सितंबर की रात राकिब को दूध में मिलाकर नशीली गोलियों की ओवरडोज दे दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
शनिवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दवा के रैपर और नशीली गोलियां भी बरामद की हैं।
इस तरह बनाई योजना बनाकर की राकिब की हत्या
जांच अधिकारी एसओ रतनपुरी राकेश कुमार ने बताया कि राकिब दोनों का विरोध करता था। इसके बाद आरोपियों ने योजना बनानी शुरू की। महिला के सास-ससुर बीमार चल रहे हैं, इसी बहाने आरोपी शाहरुख दोनों का हाल जानने के बहाने आता रहता था। आठ सितंबर को सास-ससुर मेरठ दवाई लेने गए और रात में वहीं पर रिश्तेदारी में रुक गए। इसके बाद आरोपी शाहरुख अपनी ससुराल पहुंच गया और रात में भनवाड़ा ही रुका। दोनों ने मिलकर नशीली दवा राकिब को दूध में मिलाकर पिला दी, ओवरडोज से उसकी मौत हो गई थी। अगले दिन आरोपी अपने घर चला गया था। बाद में महिला ने पति की मौत का शोर मचाया और मृत्यु को प्राकृतिक दिखाने का प्रयास किया।
-
महिला चार और शाहरुख तीन बच्चों का पिता
आरोपी शाहरुख तीन बच्चों का पिता है और वह मजदूरी करता है। जबकि आरोपी तबस्सुम के भी दो बेटी व दो बेटे हैं। रिश्तेदारी होने के नाते दोनों परिवारों में आना जाना था लेकिन डेढ़ साल पहले अवैध संबंध शुरू हो गए थे।