कारागार में बढ़ाई गई सतर्कता
मुजफ्फरनगर। चित्रकूट जेल में हुए शूटआउट में कुख्यात मुकीम काला व मेराजूद्दीन की हत्या व अंशु दीक्षित के एनकाउंटर के बाद जिला जेल में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। बंदीरक्षकों को बंदियों पर नजर रखने के निर्देश देने के साथ ही सीसीटीवी भी दुरुस्त किए गए हैं।
चित्रकूट जेल में शुक्रवार को हुए शूटआउट में दो कुख्यात मुकीम काला व मेराजूद्दीन की दुस्साहसिक हत्या और उसके बाद हत्यारे अंशु दीक्षित के पुलिस कार्रवाई में ढेर होने की घटना के बाद स्थानीय जेल प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। जेल प्रशासन ने अंदरूनी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करते हुए बंदीरक्षकों को अलर्ट रहकर ड्यूटी करने और सभी बंदियों व कैदियों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। जेल अधीक्षक एके सक्सेना ने बताया कि बंदियों पर नजर रखने के साथ ही जेल में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे भी दुरुस्त करा दिए गए हैं, जिनके माध्यम से लगातार बैरकों में बंदियों की निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही जो भी संदिग्ध आचरण वाले बंदी हैं, उनकी विशेष तौर पर निगरानी की जा रही है। इस बाबत बंदीरक्षकों के साथ ही जेल के अन्य स्टाफ को भी निर्देशित किया जा चुका है।