गांव बीबीपुर में युवक पर दरांती से हमला,
मुजफ्फरनगर। गांव बीबीपुर निवासी युवक पर गांव से निकलते ही एक युवक ने हाथ में ली गई दरांती से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया है। इसके बाद आरोपी ने महिला समेत कई अन्य लोगों पर भी हमला किया। पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर दबोचने के बाद जेल भेज दिया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव बीबीपुर निवासी अनुज कुमार भोपा रोड स्थित एक फैक्टरी में काम करता है। बुधवार सुबह करीब दस बजे वह घर से बाइक लेकर ड्यूटी पर जाने के लिए निकला था। पीड़ित युवक के अनुसार, जैसे ही वह बाइक पर गांव से बाहर निकला, सामने से आ रहे एक अज्ञात युवक ने बिना किसी वजह के ही हाथ में ली गई दरांती से अनुज की गर्दन पर वार कर दिया। इसके चलते अनुज की गर्दन कट गई और वह वहीं गिर पड़ा। हमले के बाद मौके पर ही मौजूद एक महिला ने हमलावर को पकड़ने का प्रयास किया तो वह उस पर भी हमला कर वहां से फरार हो गया, जिसमें महिला को मामूली जख्म लगा। शोर मचाए जाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हमलावर को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने उन पर भी दरांती से हमला कर दिया और जंगल में भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल भेजा, जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद नई मंडी थाना पुलिस इंस्पेक्टर के नेतृत्व में गांव में पहुंची और जंगल में कांबिंग अभियान चलाते हुए घेराबंदी कर हमलावर को दबोच लिया।
इन्होंने कहा .......
सीओ मंडी हिमांशु गौरव ने बताया कि गिरफ़्तार हमलावर गांव धंधेड़ा निवासी मुर्शीद है, जो मनोरोगी बताया जा रहा है। उसे परिजनों ने घर में बंद किया हुआ था, जो बुधवार को घर से निकलकर भाग गया और बीबीपुर में वारदात को अंजाम दे डाला। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।