-एक घटना का भी नहीं हुआ खुलासा, बेखौफ हैं चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरापुर। क्षेत्र में पिछले चार दिन से चोरी का सिलसिला लगातार जारी है। चार मकानों में चोरी की घटना होने के बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। चोरों का भी सुराग नहीं लगाया जा सका है।
बृहस्पतिवार सुबह गढ़ी रसूलपुर निवासी आमिर ने दी तहरीर में बताया कि बुधवार शाम वह अपने परिजनों के साथ बाहर गया था। रात में चोर घर का ताला तोड़कर बर्तन व पांच हजार की नकदी चोरी कर ले गए। मंगलवार रात मीरापुर की एमडी काॅलोनी निवासी शमशाद के घर में घुसकर चोरों ने 80 हजार की नकदी व सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए थे।
सोमवार रात गांव रसूलपुर गढ़ी निवासी मोमीना के घर के ताले तोड़कर 30 हजार की नकदी, करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने व चांदी के जेवर चोरी कर लिए थे। गांव पुट्ठी से बाजार में सामान खरीदने आई महिला शबा का चोर पर्स चोरी करके ले गए थे।
थाना प्रभारी का कहना है कि चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए गश्त को बढ़ाया गया है। साथ ही चोरी की घटना के मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।