स्वच्छता बनाए रखने के लिए चिकित्सा प्रभारी ने वसूला जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला पर बच्चे को गमले में पेशाब कराने पर चिकित्सा प्रभारी ने दंपती पर 100 रुपये जुर्माना लगाया। दंपती बच्चे को बिल्ली काटने पर एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगवाने आए थे। जुर्माना वसूले जाने से नाराज होकर दंपती ट्रैक्टर को परिसर में छोड़कर चला गया। बाद में उसका भाई ट्रैक्टर को घर ले गया।
गांव इस्लामपुर घसौली निवासी अशोक अपनी पत्नी रूना के साथ अपने दो वर्षीय पुत्र अजित को लेकर बुधवार को ट्रैक्टर से कांधला सीएचसी पहुंचा था। बच्चे को बिल्ली ने काट लिया था। उसे एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगवाने दंपती उसे लेकर आए थे। इसी दौरान बच्चे को पेशाब लग गई। उसकी मां ने अस्पताल परिसर में रखे गमलों में बच्चे को पेशाब करा दिया। इसकी जानकारी मिलने पर चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने दंपती पर 100 रुपये का जुर्माना लगा दिया। जुर्माने से नाराज होकर दंपती बच्चे काे इंजेक्शन लगवाने के बाद ट्रैक्टर वहीं छोड़ दिया और वहां से चला गया। बाद में उसका भाई ट्रैक्टर लेकर घर चला गया।
इस मामले में चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत अस्पताल परिसर में सुंदरीकरण का कार्य चल रहा है। कुछ मरीज अपने छोटे बच्चों से अस्पताल परिसर में रखे गमलों में पेशाब करा रहे थे, जिससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल की साफ-सफाई और नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से ही दंपती पर 100 रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह कार्रवाई किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि अस्पताल परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए की गई है।
-