चरथावल में जमीन को कब्जा मुक्त कराते राजस्व अधिकारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
चरथावल। नायब तहसीलदार योगेश कुमार और थाना प्रभारी सूबेसिंह यादव ने लड़वा मार्ग करोड़ों रुपये की जमीन से अवैध कब्जा हटवा दिया। मौके पर खड़ी फसल को उखड़वाकर कब्जामुक्त जमीन ग्राम प्रधान को सुपुर्द कर दिया।
शुक्रवार को राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की टीम ने 1972 से कब्जाधारियों के चंगुल से सरकारी जमीन को मुक्त करा दिया। कस्बे के वसी त्यागी और विजेंद्र त्यागी की शिकायत पर प्रशासन के कड़ा रुख अपनाया। कब्जे की शिकायत सही पाए जाने पर 48 साल बाद लड़वा मार्ग स्थित तालाब के खसरा नम्बर 988 में 0.932 हेक्टेयर और कब्रिस्तान के खसरा नम्बर 972 में 0.871 हेक्टेयर जमीन पर अवैध कब्जा हटवाया गया। सर्किल लेखपाल केशव शर्मा ने बताया कि सरकारी जमीन पर खड़ी गेहूं की फसल को जुतवाकर कब्जा ग्राम प्रधान को दिया गया है। मौके पर कोल्हू के कमरे भी ढा दिए गए। इश्तियाक, वारिश उर्फ शम्भू और कामिल आदि कई लोगों का अरसे से कब्जा चला आ रहा था। दशकों पूर्व कब्जाधारियों ने सरकारी तालाब और कब्रिस्तान की जमीन को अपनी जमीन में मिलाकर खेतीबाड़ी शुरू कर दी थी। इस मामले में वसी त्यागी, विजेंद्र त्यागी और कल्लू आदि ने मंडलायुक्त सहारनपुर को शिकायत की थी। उन्हीं के आदेश पर नायब तहसीलदार योगेश कुमार त्यागी ने मौके पर कब्जा अवैध पाया था।