गैंगेस्टर का सपोर्ट लिया तो बर्बाद कर दूंगा: कप्तान
मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर एसएसपी के वायरल हुए वीडियो से खलबली मच गई। वीडियो में कप्तान सीधे तौर पर कह रहे हैं कि यदि किसी ने भी त्यागी गैंग का सपोर्ट लिया, तो त्यागी के खानदान को तो छोड़ ही दें, सपोर्ट लेने वाले की भी जिंदगी बर्बाद कर दी जाएगी। ऐसे प्रत्याशियों का ऐसा इलाज बांधा जाएगा कि उसकी सात पीढ़ियां भी संभल नहीं पाएंगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसपी के तल्ख तेवर जनपद में चर्चा का विषय बने हुए हैं। गांव पावटी में सीधे तौर पर मीनू त्यागी का नाम लेकर दी गई चेतावनी से वोटरों में उत्साह का माहौल है। वहीं, बुढ़ाना के गांव जौला में भी प्रत्याशियों की बैठक के दौरान एसएसपी ने कहा कि किसी भी दावेदार ने वोटरों को शराब वितरण किया, किसी तरह का प्रलोभन दिया तो प्रधानी जीतो या हारो, जिंदगी जरूर नरक बना दी जाएगी।