नुमाईश पंडाल में आशा सम्मेलन में मौजूद आशाएं।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
‘मनै पढ़े-लिखे के ब्हाईये मेरी मां..’
मुजफ्फरनगर। जिला कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से आशा सम्मेलन का आयोजन किया गया। खतौली ब्लॉक की आशाओं को समूह नृत्य ‘मनै पढ़े-लिखे के ब्हाईये मेरी मां...’ को प्रथम स्थान दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि आशाओं ने कोरोना काल में अपनी जान पर खेलकर लोगों की जिंदगी बचाई है।
शुभारंभ मुख्य अतिथि कौशल विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल और बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक ने किया। अग्रवाल ने कहा कि आशा बहनें स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक आम जनमानस को उनकी चौखट पर पहुंचकर दिलवा कर स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक मिसाल कायम कर रही हैं। मलिक ने कहा कि आशाओं द्वारा कोरोना काल में किया गया कार्य अतुलनीय, अत्यंत प्रशंसनीय व सराहनीय है। आशा सम्मेलन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में खतौली ब्लॉक की आशाओं को समूह नृत्य ‘मनै पढ़े-लिखे के ब्हाईये मेरी मां...’ को प्रथम, मोरना ब्लॉक की आशाओं को कोरोना टीकाकरण नाटक पर द्वितीय तथा जानसठ से ब्लॉक की आशाओं को ‘आयो रे शुभ दिन आयो रे...’ समूह नृत्य में तृतीय पुरस्कार दिया गया।
प्रत्येक ब्लॉक की तीन आशाओं को सर्वोत्तम कार्य करने पर प्रोत्साहन राशि देकर पुरस्कृत किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महावीर सिंह फौजदार , सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद पवार, डॉ. शरण सिंह, डॉ. प्रशांत कुमार, डीपीएम विपिन कुमार, डीसीपीए अनुज सक्सेना सहित समस्त ब्लॉकों के चिकित्सा अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी आदि उपस्थित रहे। संचालन जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा ने किया।
नुमाईश पंडाल में कार्यक्रम में टीकाकरण जागरुकता के संबध में नाटक प्रस्तुत करती आशाएं।- फोटो : MUZAFFARNAGAR