मोरना। जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत चुनाव हो चुका है। एक नवंबर को मतगणना के दौरान एजेंट बनने के लिए गेट पास बनाने का काम चार दिन से चल रहा है। ककरौली थाने के कम्हेड़ा गांव के बीडीसी पद के वार्ड नंबर 57 पर मोहम्मद रफी और खेड़ी फिरोजाबाद गांव के वार्ड नंबर 53 पर सुलेमान ने चुनाव लड़ा था।
शनिवार को दोनों प्रत्याशियों के दो लोग मोरना के ब्लॉक परिसर में टेबल नंबर चार पर मौजूद सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रबल प्रताप सिंह से गेट पास बनवाने पहुंचे। जांच करने पर पता चला कि एजेंट बनने के लिए आए दोनों लोगों के नाम पर पहले ही दो लोग एजेंट बन चुके हैं। पड़ताल में मौजूद मिले दोनों लोगों के नाम पते सही पाए गए, जबकि जो लोग चार दिन पहले गेट पास बनवाकर ले गए, वह फर्जी थे।
मामले का पता चलने पर मोहम्मद रफी और सुलेमान के समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। फर्जीवाड़ा कर गेट पास बनवाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान मौजूद अधिकारी भी हैरत में थे। मामला संज्ञान में आने पर निर्वाचन अधिकारी जिला कृषि अधिकारी राम जतन मिश्रा ने बताया पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। किसी कर्मचारी और ग्रामीण की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर कर जेल भेजा जाएगा।
अधिकारी के नहीं मिलने पर गुस्सा
मोरना। मोरना विकास खंड पर गेट पास बनाने के लिए समय पर अफसर नहीं पहुंचने से लोग आक्रोशित हो गए। अधिकारी का घेराव कर हंगामा किया। मोरना विकास खंड कार्यालय में रविवार को होने वाली मतगणना स्थल के लिए एजेंट बनने लोग को सुबह आठ बजे से लाइनों में लगने शुरू हो गए, जबकि एजेंट पास बनाने का समय सुबह नौ बजे से कार्य समाप्ति तक रखा था। टेबल नंबर एक पर सहायक निर्वाचन अधिकारी के रूप में शिवकुमार की ड्यूटी थी।
ग्रामीणों ने बीडीओ मोहम्मद कासिम से मिलकर नाराजगी जताई। 12 बजे ड्यूटी पर पहुंचे तैनात अधिकारी का घेराव किया और खूब खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान सुनील, अनिल, वसीम, फजलु रहमान, शहजाद, विकास आदि रहे।