कलावड़ा में खिलाई कसम, शराब न पीयेंगे और न पिलाएंगे हम
खतौली (मुजफ्फरनगर)। कलावड़ा गांव के लोगों ने सराहनीय पहल करते हुए शराब मुक्त दुल्हैंडी मनाने का आह्वान किया है। युवा सेना समिति के तत्वावधान में ग्रामीणों ने गांव में घूमकर लोगों को जागरूक किया। शपथ दिलाई गई कि न तो शराब पीएंगे और न ही पिलाएंगे। शराब पीने वालों के घर पहुंचकर मिठाई और फूल भेंट किए।
युवा सेना समिति की ओर से होली मिलन समारोह हुआ। संचालन अध्यक्ष छात्र नेता मेजर इंसा के द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि होली पर भाईचारा कायम रखें। लोगों ने सुझाव रखा कि शराब के कारण झगड़े होते हैं और त्योहार का आनंद खराब हो जाता है। ग्रामीणों ने शपथ ली कि कभी भी शराब नहीं पीएंगे। और न ही किसी को पिलाएंगे। शराब का सेवन रोकने के लिए ग्रामीणों ने शराब मुक्त होली अभियान के तहत गांव के सभी मोहल्लों में जागरूकता रैली निकाली। लोगों को शराब आदि नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करने की अपील की गई। गांव के जो लोग शराब पीते हैं उनके घर जाकर उन्हें मिठाई, गुलाब का फूल देकर शराब न पीने की शपथ दिलाई गई।। गांव में अवैध रूप से शराब की बिक्री भी नहीं होने देने का संकल्प लिया गया।
अध्यक्षता पूर्व प्रधान जगदीश सैनी ने की। इस दौरान मामचंद, जगबीर, रमेश प्रधान, तेजपाल, मोनू, संदीप, राजेंद्र सैनी, गौतम, सुधीर, दीपक, सुमित, रोहतास, ब्रह्मपाल, दीपू, हरपाल, निर्मल प्रधान, सुभाष प्रधान, शुभम प्रधान, महावीर सैनी आदि क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर, अंती, छररपुर, बिशोला, चांदसंमद, आदमपुर मोचनी के लोग शामिल रहे।