पति व ससुराल वालों पर मारपीट का आरोप
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। महलजना गांव की महिला ने अपने पति व ससुराल वालों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव महलजना निवासी वसीम की पत्नी हमनशीं शुक्रवार को बुढ़ाना कोतवाली पहुंची। मारपीट के कारण घायल हुई महिला ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसकी शादी आठ वर्ष पहले हुई थी। उसकी ससुराल वाले शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज में कार की मांग करते आ रहे हैं। दहेज में कार न लाने पर उसके साथ मारपीट की जाती है। आरोप है कि बृहस्पतिवार को वह घर पर कार्य कर रही थी। उसके पति व ससुराल वालों ने उसे बिजली का तार पकड़ाकर हत्या करने का प्रयास किया। उसकी साथ जमकर मारपीट की गई। वह किसी प्रकार अपनी ससुराल से निकलकर अस्पताल पहुंची थी। इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।