जानसठ के हॉटस्पॉट गांव कवाल का निरीक्षण करते नोडल अधिकारी आरएन यादव।
- फोटो : KHATAULI
हॉटस्पॉट कवाल 21 दिन से सील, अभी तक कोई छूट नहीं
जानसठ। हॉट स्पॉट घोषित गांव कवाल इक्कीस दिनों से सील है। प्रशासन द्वारा अभी तक ग्रामीणों को कोई छूट नहीं दी गई है। दूध, सब्जी और राशन की होम डिलीवरी की जा रही है। गांव के बाजार और बैंक भी बंद हैं। शुक्रवार को नोडल अधिकारी आरएन यादव ने गांव में पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
ग्रामीणों के मुताबिक कई दिन से मस्जिदों और मंदिरों से ऐलान भी कराया जा रहा था कि गांव में नोडल अधिकारी आएंगे। जिसको लेकर गांव में सफाई व्यवस्था भी कराई गई थी। शुक्रवार को नोडल अधिकारी आरएन यादव गांव में जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने एसडीएम से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। बता दें कि 24 अप्रैल को मस्जिद में ठहरे दिल्ली के दो जमाती कोरोना संक्रमित मिले थे, जबकि दो जमातियों की जांच रिपोर्ट सस्पेक्टेड मिली थी। 25 अप्रैल को प्रशासन ने गांव को हॉट स्पॉट घोषित करते हुए सील कर दिया था। गांव के बाजार और बैंक भी बंद करा दिए थे। उसी दिन से गांव पूरी तरह से सील है। सामान की होम डिलीवरी कराई जा रही है।
पुरकाजी हॉटस्पॉट से बाहर, मगर नहीं खुले बाजार
पुरकाजी। एक माह बाद कस्बा हॉटस्पॉट से बाहर होने के बाद भी बाजार खुलने संबंधी कोई भी सरकारी निर्देश नहीं मिले, जिस कारण शुक्रवार को व्यापारी प्रतिष्ठान नहीं खोल पाए।
21 अप्रैल को कस्बे में छह लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर प्रशासन ने कस्बे को हॉट स्पॉट घोषित कर कस्बे सहित आसपास की चार ग्राम पंचायतों को सील कर दिया था। तभी से कस्बेवासियों व ग्रामीणों को आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी नहीं कर पाने के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 14 मई को डीएम द्वारा कस्बे को हॉटस्पॉट से बाहर कर दिया गया था। मगर बाजार खुलने के संबंध में कोई निर्देश जारी नहीं करने के कारण शुक्रवार को भी बाजार नहीं खुल पाए। एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि जल्द ही वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता कर बाजार खुलने संबंधी निर्देश जारी कर दिए जाएंगे।