सभी जिलों के लिए
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
तितावी (मुजफ्फरनगर)। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बघरा में शुरू हुई 15वीं क्षेत्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के पहले दिन पहलवानों ने खूब जोर आजमाइश की। अंडर-14 आयु वर्ग में जेएनवी रामपुर के अनिकेत ने मेरठ के वासु यादव को पटखनी देकर फाइनल में प्रवेश किया। अन्य भार वर्गों में मेजबान विद्यालय के पहलवानों का दबदबा रहा।
शुक्रवार को बघरा स्थित स्कूल परिसर में प्रतियोगिता का शुभारंभ केंद्रीय विद्यालय मुजफ्फरनगर के प्रधानाचार्या बृजेश पाल सिंह ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि लक्ष्य की प्राप्ति के लिए नियमित अभ्यास करें। नतीजे विपरीत रहने के बावजूद हिम्मत नहीं हारनी चाहिए।
मेजबान विद्यालय के दर्श ने लखनऊ के उत्सव कुशवाह को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। 44 किलोग्राम भार वर्ग में बघरा के विशेष ने संभल के विकास यादव को हराकर फाइलन में जगह पक्की कर ली है। अभिषेक ने कौशांबी के सुधांशु को हराकर फाइनल का टिकट पक्का किया। 68 केजी भार वर्ग में वेद मुजफ्फरनगर और संभल के आयुष सैनी ने फाइनल में प्रवेश किया।
-
इनसेट
20 स्कूलों के 188 पहलवान हो रहे शामिल
जेएनवी बघरा की प्रधानाचार्या सुमन लता यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में यूपी और उत्तराखंड के 20 जिलों के छात्र पहलवान शिरकत कर रहे हैं। 188 खिलाड़ियों के बीच पदक की दावेदारी के मुकाबले होंगे। शनिवार को समापन होगा।
-
इनसेट
इन जिलों के पहलवान हो रहे शामिल
क्षेत्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में कन्नौज, लखनऊ, गोरखपुर, चित्रकूट, हमीरपुर, कौशांबी, अमरोहा, बागपत, हरिद्वार, अलीगढ़, एटा, गौतमबुद्ध नगर, रामपुर, फरुर्खाबाद, संभल, आगरा, मेरठ, हाथरस और मथुरा के पहलवान भाग ले रहे हैं।
-