मुजफ्फरनगर। कलक्ट्रेट में होमगार्डों का पांच दिन से जारी धरना शनिवार को अफसरों के साथ हुई वार्ता के बाद खत्म कर दिया गया। होमगार्डों के बीच पहुंचे एडीएम वित्त व सिटी मजिस्ट्रेट ने उन्हें नौकरी नहीं जाने का आश्वासन दिया।
शासन द्वारा प्रदेेश के 25 हजार से अधिक होमगार्डों को कार्यमुक्त करने के आदेश के विरोध में कलक्ट्रेट पर उत्तर प्रदेश होमगार्ड अवैतनिक अधिकारी व कर्मचारी एसोसिएशन द्वारा 15 अक्तूबर से लगातार धरना दिया जा रहा था। शनिवार को भी होमगार्ड धरने पर मौजूद रहे। दोपहर बाद एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार धरने पर होमगार्डों के बीच पहुंचे। भीम सिंह होमगार्ड ने बताया कि दोनों अफसरों ने उन्हें किसी की भी नौकरी नहीं जाने और बहुत जल्द बजट जारी होने के बाद ड्यूटी लगाए जाने का आश्वासन दिया। अफसरों ने धरने पर बैठे होमगार्डों को अब धरना नहीं देने का अनुरोध किया, जिस पर होमगार्डों ने धरना खत्म घोषित कर दिया। मिट्ठन सिंह, वेदपाल शर्मा, मनोज कुमार, रामकुमार, राममोहन, प्रदीप कुमार, प्रवीण कुमार, रीटा रानी, कविता और बालेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।