कार से पकड़े गए रुपयों को गिनते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
छपार पुलिस ने नेशनल हाईवे स्थित रामपुर चौराहे पर चेकिंग के दौरान ने एक कार से छह लाख रुपये बरामद किया। कैश का सही ब्यौरा न मिलने पर पुलिस ने कैश जब्त कर लिया। एसएसपी के आदेश पर छपार पुलिस ने शनिवार को रामपुर चौराहे पर वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दिल्ली की ओर से एक बोलेरो कार तेज गति से आ रही थी।
पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उसे रोककर तलाशी ली तो उसमें से छह लाख रुपये मिले। कार चालक बिजोपुरा निवासी विकास, गांव बढेड़ी निवासी सत्यप्रकाश एवं राजबीर निवासी पानीपत हरियाणा से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि कैश फरीदाबाद निवासी व खतौली से विधायक करतार भडाना के यहां से मंगलौर उत्तराखंड ले जाया जा रहा था। उक्त विधानसभा सीट से उनका दामाद लतेश राष्ट्रीय लोकदल से चुनाव लड़ रहा है। सही ब्यौरा न मिलने पर पुलिस ने उक्त कैश को कार्रवाई करते हुए जब्त कर लिया है।
62 कर्मियों पर दर्ज होगी एफआईआर
मुजफ्फरनगर। मतदान के दिन नजदीक आने के कारण प्रशासन दिन-रात तैयारियों में जुटा है। इसके लिए कर्मियों को प्रशिक्षण देने के साथ ड्यूटी समझाई जा रही है। शनिवार को एसडी कालेज मैनेजमेंट में कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया, लेकिन प्रशिक्षण में छह विधानसभाओं से 62 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। डीएम ने अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ निर्वाचन की सुसंगत धाराओं में एफआइआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।