मीरापुर। डिगडेहरा मार्ग पर बाइक सवार दो बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से हिस्ट्रीशीटर अपराधी अंकुश उर्फ बवंडर घायल हो गया ।उसका साथी बाइक सहित फरार हो गया।
सीओ भोपा देवव्रत बाजपेयी ने बताया कि पुलिस टीम सोमवार की देर रात चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान पुलिस को कुतुबपुर झाल की ओर से एक बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगे। पीछा करने पर पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, तो पुलिस की गोली पैर में लगने से बाइक पर पीछे बैठा। मेरठ जनपद के थाना बहसूमा के गांव माखन नगर निवासी हिस्ट्रीशीटर अपराधी अंकुश उर्फ बवंडर घायल हो गया। उसका साथी बाइक लेकर फरार हो गया। घायल बदमाश ने अपने आधा दर्जन साथियों संग तीन दिन पूर्व मीरापुर में सर्राफ आदर्श उर्फ तुषार की हत्या करने के इरादे से सरे बाजार फायरिंग की थी। पुलिस को घायल बदमाश से एक तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। उसके खिलाफ हस्तिनापुर, बहसूमा व मीरापुर में लूट-चोरी के करीब 9 मुकदमे दर्ज है । वह बहसूमा थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। वह आज भी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने मीरापुर क्षेत्र में आया था। वह दस दिन पूर्व ही मेरठ जेल से छूटकर बाहर आया था।