सफाई नहीं होने पर अफसरों को पिलाएंगे हिंडन का पानी
छपार (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-दून नेशनल हाईवे -58 के छपार टोल प्लाजा पर भाकियू का धरना 13 वें दिन भी जारी है। भाकियू जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान ने कार्यकर्ताओं की शिकायत पर कहा कि छपार और पुरकाजी थाने में पशु बांधकर भाकियू धरना-प्रदर्शन करेगी। सदर तहसील अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि जल्द हिंडन नदी की सफाई नहीं हुई तो उसका दूषित पानी अधिकारियों को पिलाया जाएगा।
सोमवार को भाकियू जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान ने किसानों की समस्याओं को लेकर बिजली, चकबंदी, गन्ना और सिंचाई आदि विभाग के अधिकारियों को एक घंटे में टोल पर पहुंचने के लिए कहा। किसानों ने अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर टोल फ्री करने का एलान कर दिया। आधे घंटे में ही एसडीएम सदर दीपक कुमार, सीओ सदर हेमंत कुमार, एसडीओ विद्युत राजेश यादव, गन्ना विभाग के सुभाष यादव, खाईखेड़ी मिल से पवन सीनियर केन मैनेजर व एसीएम प्रदीप त्यागी सहित चकबंदी विभाग के अधिकारी धरनास्थल पर पहुंच गए। भाकियू कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों को मांगों के समर्थन में ज्ञापन दिए।
जिलाध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि किसी कार्यकर्ता का उत्पीड़न सहन नहीं होगा। छपार व पुरकाजी थाने की सबसे अधिक शिकायत कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न की मिल रही है। पांच दिन के बाद दोनों थानों में पशु बांधकर प्रदर्शन करेंगे। एसडीएम सदर दीपक कुमार ने आठ दिनों में समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। पुरकाजी को तहसील बनाने का मुद्दा भी जोरों से उठा। सदर तहसील अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि जल्द हिंडन नदी की सफाई नहीं हुई तो उसका पानी अधिकारियों को पिलाया जाएगा। प्रदेश महासचिव चांदबीर, पुरकाजी चेयरमैन जहीर फारुकी, मांगेराम त्यागी, हिमांशु शर्मा, मंगता, बबलू, मुसर्रफ, अमित त्यागी, आदेश बाबा, अभिषेक बंसल, शहजाद, ईशाक अहमद, राजा गुर्जर, शशि , ललित, आदि मौजूद रहे।
रोहाना टोल प्लाजा पर धरना जारी
रोहाना। स्टेट हाईवे रोहाना टोल पर भाकियू चरथावल ब्लॉक अध्यक्ष ठाकुर कुशलवीर सिंह के नेतृत्व में चल रहा धरना सोमवार को भी जारी रहा। कुशलवीर सिंह ने कहा कि हिंडन नदी व रोहाना मिल से निकलने वाला पानी का नाला पक्का कराने और बकाया गन्ना भुगतान करने की मांग की है। धरने पर ब्लॉक उपाध्यक्ष लोकमणि त्यागी, संजय त्यागी, मोनू ठाकुर, राजू पीनना, शीलू त्यागी, सौरभ त्यागी, अश्वनी ठाकुर, फरमान त्यागी, मनोज त्यागी, कल्लू ठाकुर, ऋषि पाल ठाकुर, बबलू त्यागी, आस मोहम्मद, तोहिद हसन आदि मौजूद रहे।