किसानों के साथ हिंडन के गंदे पानी में बैठे अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
चरथावल में हिंडन नदी में दूषित पानी आने के विरोध में भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरना देकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि नदी का पानी विषैला होने के कारण ग्रामीण बीमार हो रहे हैं और मवेशियों की मौत हो रही हैं। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने एसडीएम सदर रामअवतार गुप्ता और नायब तहसीलदार राकेश कुमार को मौके पर बुलाकर नाराजगी जताई।
बृहस्पतिवार को चरथावल-थानाभवन मार्ग स्थित हिंडन नदी में सहारनपुर क्षेत्र में फैक्ट्रियों का गांदा पानी बहाकर आने के विरोध में किसानों ने धरना दिया। भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि नदी का पानी पूरी तरह दूषित हो चुका है। नदी किनारे पड़ने वाले गांव कसौली, न्यामू, कुल्हेड़ी, नंगला राई, अरनायाच आदि में लगे हैंडपंप का पानी भी दूषित हो चुका है। जिससे लोग बीमार हो रहे है और कैंसर जैसी भयानक बीमारियों की चपेट में हैं। महिलाएं बीमार हो रही है, कई बार विषैले पानी के प्रयोग से पशुओं की मौत हो चुकी है।
एसडीएम सदर, नायब तहसीलदार और एसएचओ कमल सिंह चौहान को किसानों ने नदी के पानी में अपने बीच बैठाकर गुस्से का इजहार किया। किसानों ने फैक्ट्रियों का कूड़ा-कचरा नदी में बहाने पर तत्काल पाबंदी लगाने का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा और समस्या का समाधान कराने के लिए 15 दिन का समय दिया। चरथावल अध्यक्ष बंटू त्यागी, सोमपाल सिंह, पप्पू पुंडीर, राजबीर सिंह, जयकुमार, कर्म सिंह, संजीव चौधरी, इंद्रपाल मुथरा, हाजी निसार, अकबरगढ़ ग्राम अध्यक्ष ओमवीर सिंह, भोपाल पूर्व प्रधान, नंदकिशोर मौजूद रहे।