मुजफ्फरनगर। गर्मी में बिजली की खपत बढ़ते ही ट्रांसफार्मर भी ओवरलोड होने लगे हैं। विद्युत विभाग ने गर्मी से पहले 500 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़वाई थी लेकिन मुजफ्फरनगर और शामली जिले के 550 ट्रांसफार्मर ओवरलोड चल रहे हैं। हाल यह है कि ओवरलोड होने के कारण लगभग 80 ट्रांसफार्मर रोज फुंक रहे हैं।
भीषण गर्मी में पंखे तो पहले ही फेल हो चुके थे अब एसी और कूलर से भी राहत नहीं मिल रही है। कम वोल्टेज और बार-बार होने वाले कट से लोग आजिज आ चुके हैं। इस बार गर्मी अधिक होने से विद्युत विभाग के सामने भी बड़ा संकट है। मुजफ्फरनगर और शामली जिले में फिलहाल 550 ट्रांसफार्मर ओवरलोड चल रहे हैं। इनमें 300 मुजफ्फरनगर और 250 शामली जिले के हैं। हालत यह है कि ओवरलोड के कारण प्रतिदिन लगभग 80 ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। हालांकि विद्युत विभाग का दावा है कि आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए खराब ट्रांसफार्मर को 24 घंटे में ही बदल दिया जा रहा है।
मुजफ्फरनगर और शामली के चीफ इंजीनियर पवन अग्रवाल का कहना है कि ट्रांसफार्मर ओवरलोड है। सभी एसई, एक्सईएन लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। फाल्ट को तुरंत ठीक कराया जा रहा है। विपरीत परिस्थितियों के बाद भी शहर की जनता को 24 घंटे बिजली देने का प्रयास है। गर्मी से पहले 500 ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़वाना बड़ा लाभकारी सिद्ध हुआ है।
ट्रांसफार्मर फुंकने से परेशान लोगों ने किया प्रदर्शन
खतौली। मोहल्ला सराफान में विद्युत ट्रांसफार्मर फुंकने से लोग परेशान रहे। लोगों ने निगम के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
बुधवार रात भीषण गर्मी के कारण मोहल्ला सराफान में गैस गोदाम के निकट रखा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर तारों में अचानक आग लगने से फुंक गया। मोहल्ले में अंधेरा छा गया तथा बिजली गुल होने से गर्मी में लोग बिलबिला गए। 15 घंटे बीत जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो लोग सड़कों पर आ गए और उन्होंने विद्युत अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
नागरिकों का कहना था कि चार दिन पूर्व भी ट्रांसफार्मर में आग लग गई थी और 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही थी। नागरिक बिजली अधिकारियों को फोन करते रहे, मगर उनको कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। प्रदर्शन करने वालों में आस मोहम्मद, कल्लू, जावेद, साजिद, साकिब, जुल्फकार, बिलाल, अबुबकर, शालू आदि शामिल थे।
वहीं एसडीओ टाउन साहब सिंह ने बताया कि अधिक गर्मी और लोड के चलते सराफान का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। क्रेन आने में समय लग गया। बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे ट्राॅली में रखे अतिरिक्त ट्रांसफार्मर को लगवा कर विद्युत आपूर्ति सुचाररू करा दी गई। संवाद