बाहर से आने वालों पर स्वास्थ्य विभाग की नजर
मुजफ्फरनगर। एक बार फिर कोरोना तेजी से पांव पसार रहा है। इसे लेकर जनपद में स्वास्थ्य विभाग की ओर से खास सतर्कता बरती जा रही है। जिले में सैंपलिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य शहरों से आने वाले लोगों पर भी नजर रखी जा रही है। विभाग द्वारा रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर आने वाले यात्रियों पर भी नजर रखी जा रही है, साथ ही उनकी टेस्टिंग भी की जा रही है।
सीएमओ डॉ. महावीर फौजदार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वह किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। कोरोना से बचाव संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करें। जिले में प्रशासन की सख्ती का असर भी दिखने लगा है। लोग अब मास्क पहन कर अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं। बाहर के जनपदों से आने वाले लोगों की टेस्टिंग की जा रही है। जनपद में टीकाकरण का कार्य तेजी के साथ किया जा रहा है। वैक्सीन की दो डोज लेना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि टीका पूरी तरह सुरक्षित है, जरूरी है कि लोग टीके से जुड़ी अफवाहों से दूर रहें। उन्होंने लोगों से भी उत्साह के साथ निर्भीक होकर टीकाकरण कराने की अपील की। सकारात्मक सोच रखें। दो गज की दूरी बनाए रखें। साथ ही मास्क लगाना और हाथ धोना भी जारी रखें।
इनको अपनाएं, कोरोना से सुरक्षा पाएं
- हाथों को साबुन से बार-बार अच्छी तरह से धोएं
- सार्वजनिक स्थलों पर एक-दूसरे से दो गज दूर रहें
- बाहर निकलें तो मास्क जरूर लगाएं
- नाक, मुंह और आंख को न छूएं
- खांसने, छींकने और थूकने के शिष्टाचार को समझें
- इधर-उधर पड़ी चीजों को अनावश्यक न छूएं
- ध्यान, योग और प्राणायाम करें
- रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने के लिए पौष्टिक आहार लें
- बुजुर्ग, छोटे बच्चे व गर्भवती तभी बाहर निकलें जब बहुत जरूरी हो।