पुरकाजी। जनपद में अवैध और अनियमित चिकित्सीय संस्थानों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने पुरकाजी क्षेत्र में दो अस्पतालों को नोटिस जारी किया है। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी अजय कुमार ने निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं पाईं।
आनंद सिटी हॉस्पिटल में आयुर्वेदिक पंजीकरण के बावजूद ऑपरेशन थिएटर क्रियाशील मिला। चिकित्सक शादाब अनुपस्थित थे और इस प्रकार की सेवाओं के लिए कोई वैध पंजीकरण नहीं था।
वेदांतम हॉस्पिटल में भी पंजीकृत चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए। चिकित्सक तीन दिन के अवकाश पर थे, लेकिन इसकी लिखित सूचना विभाग को नहीं दी गई थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया ने स्पष्ट किया कि अनियमितता और बिना मानक के चिकित्सा सेवाएं देने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।