मुजफ्फरनगर। जनपद में स्वाइन फ्लू पैर पसार रहा है। सोमवार को जानसठ रोड पर रहने वाले एक और मरीज में फ्लू की पुष्टि हुई। अब पॉजिटिव मरीजों की संख्या 16 पर पहुंच गई है। पॉजिटिव पाए गए मरीज के आवास पर रैपिड रेस्पांस टीम भेजी गई है। मरीजों को घर पर ही उपचार दिया जा रहा है। जिला चिकित्सालय में चार बेड आरक्षित किए गए थे, लेकिन एक भी मरीज को भर्ती कराने की आवश्यकता अभी तक नहीं पड़ी है।
बरसात के चलते तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव चल रहा है, जिस कारण लोगों को नजला-खांसी और बुखार की भी समस्या हो रही है। ऐसे हालात में स्वाइन फ्लू का संक्रमण भी पैर पसार रहा है।
सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि सोमवार को एक मरीज स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाया गया। उन्होंने बताया कि जिस मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है, उसे कई दिन से नजला-खांसी की शिकायत है। निजी पैथोलॉजी लैब पर पॉजिटिव पाए जाने की सूचना के बाद मरीज के घर पर रैपिड रेस्पांस टीम भेजी गई।
-हल्के वायरस का संक्रमण चिंता की बात नहीं
सीएमओ ने बताया कि स्वाइन फ्लू के मामले में चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। काफी हल्के वायरल का संक्रमण है, लेकिन सावधानी बरतना आवश्यक है। इसलिए भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में मास्क का प्रयोग करें। बार-बार साबुन से हाथ धोएं। नजला-खांसी होने पर चिकित्सक के परामर्श पर जांच कराएं।
-सीओपीडी के चार मरीजों की रिपोर्ट आई नेगेटिव
एपीडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शमशेर आलम ने बताया कि सीओपीडी के सभी मरीजों की स्वाइन फ्लू की जांच के निर्देश हैं। बताया कि जिला चिकित्सालय में सीओपीडी के चार मरीजों की जांच कराई गई, लेकिन सभी मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।