मुजफ्फरनगर। जिला अग्निशमन विभाग के संसाधनों में इजाफा हुआ है। शासन के आदेश पर मुख्यालय ने बड़ी आग लगने की घटना पर जल्द काबू पाने के लिए जिला कार्यालय को तीन बड़ी गाड़ियां उपलब्ध कराई हैं, दो पहुंच गई हैं। एक अन्य गाड़ी भी जिले के संसाधनों के बेड़े में जल्द शामिल होगी।
जिला अग्निशमन विभाग में आग बुझाने के लिए संसाधनों की कमी थी। जब कभी भी आग लगने के बड़े हादसे हुए, तब आसपास के जनपदों के साथ ही जिले के उद्योगों से भी आग बुझाने के लिए पानी से लदी गाड़ियों को मंगाना पड़ता था। जिले में हर साल एक-दो ऐसे हादसे हो जाते हैं। वहीं कई बार तो छोटी आग लगने पर भी अपने संसाधनों से आग बुझाने में मशक्कत करनी पड़ी। इसके चलते जिला अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने डीएम उमेश मिश्रा व एसएसपी संजय कुमार वर्मा से नई गाड़ी दिलाने की मांग की थी।
मुख्यालय ने अब जिला कार्यालय को 18 हजार लीटर पानी वाली एक गाड़ी के अलावा एक आपातकालीन स्थिति में सहायता प्रदान वाली एक गाड़ी उपलब्ध कराई है। इस गाड़ी के माध्यम कहीं पर फंसे हुए व्यक्ति को निकालने में मदद मिलेगी। इस गाड़ी का अन्य प्रकार से भी बहुत लाभ मिलेगा। एक अन्य 5 हजार लीटर वाली एक और गाड़ी जल्द ही मिलेगी।
-जल्द आग बुझाने में मिलेगा लाभ
जिला कार्यालय के पास अब से पहले 5 हजार लीटर पानी वाली एक, ढाई-ढाई हजार लीटर पानी वाली दो गाड़ियों के अलावा दो छोटी गाड़ी, एक पिकअप, एक वॉटर मिक्स गाड़ी है। अब तीन गाड़ियां और जिला अग्निशमन के बेड़े में शामिल हो जाएंगी। इन वाहनों से आग की घटना पर जल्द काबू पाने में लाभ मिलेगा।
वर्जन-
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने बताया कि विभाग को तीन नई गाड़ियां मिली हैं। इनमें से दो पहुंच गई हैं। एक जल्द पहुंच जाएगी। वर्तमान में जिला कार्यालय गांव झांसी की रानी के पास है। नया कार्यालय गांव सहावली के जंगल में बनाने के लिए जगह मिली है। बजट पास होने पर कार्य शुरू हो जाएगा।