मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। इस बार डाक कांवड़ का रूट डायवर्ट कर दिया गया है। पहली बार हरियाणा की डाक कांवड़ रामपुर तिराहे से पीनना बाइपास से होकर जाएंगी।
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों अलर्ट हो गए हैं। मेरठ जोन के एडीजी डीके ठाकुर व सहारनपुर रेंज के डीआईजी अजय साहनी ने जनपद के पुलिस अधिकारियों के साथ कई बार बैठक भी की हैं। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के आदेश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग व गंगनहर पटरी मार्ग का भी निरीक्षण किया है।
जिले में हरिद्वार से आने वाली डाक कांवड़ के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों ने प्लान तैयार किया है। हरिद्वार से आने वाली हरियाणा की डाक कांवड़ का रूट डायवर्ट किया जाएगा। इन डाक कांवड़ को रामपुर तिराहे से पीनना बाइपास से भेजा जाएगा। मेरठ, दिल्ली जाने वाली डाक कांवड़ रामपुर तिराहे से वहलना चौक से होकर निकलेंगी। पिछले साल भी यह डाक कांवड़ इसी मार्ग से निकाली गई थी।
एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि डाक कांवड़ व बड़ी कांवड़ को रामपुर तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा।