खतौली तहसील में नगर पालिका में घपलेबाजी की जांच करने को लेकर लाइटों की रेट लिस्ट को एसडीएम को सौं?
- फोटो : KHATAULI
सभासदों ने एसडीएम को लाइटों के बिल सौंपे
खतौली। नगर पालिका सभासदों ने नगर पालिका में विकास कार्यों सहित पथ प्रकाश के लिए कंपनी से खरीदी गई लाइटों में लाखों रुपयों का घपला करने का आरोप लगाते हुए एसडीएम को कंपनी के रेटों के बिल सौंपे। सभासदों ने एसडीएम से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
नगर पालिका के 15 सभासद चेयरपर्सन के विरोध में लामबंद चल रहे हैं। इन सभासदों ने नगर पालिका में विकास कार्यों के अलावा पथ प्रकाश के लिए कंपनी से खरीदी गई लाइटों में लाखों रुपयों की घपलेबाजी करने की शिकायत केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान और प्रदेश के कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल से की थी। शिकायत पर सभासदों को जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने मुख्यालय पर बुलवाया था। डीएम ने सभासदों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम को मामले की जांच करने के आदेश दिए थे। एसडीएम अजय कुमार जांच पड़ताल कर रहे हैं। एसडीएम ने पालिका से विकास कार्यों से संबंधित सभी फाइलों को अपने यहां तलब कर लिया था। सोमवार को शिकायतकर्ता सभासद तहसील में एसडीएम से मिले। सभासदों ने पालिका की ओर से जिस कंपनी से लाइटें खरीदी गई थी, उस कंपनी के लाइटों के रेट के बिल एसडीएम को सौंपे। सभासदों का आरोप है कि पालिका में विकास कार्यों सहित लाइटों को खरीदने में लाखों रुपयों की घपलेबाजी की है। एसडीएम ने सभासदों को निष्पक्ष जांच करने का आश्वासन दिया है।